उत्तराखंड

नैनीताल: सीएम धामी ने मंच पर फेंकी गलत नाम वाली पर्ची, लापरवाही पर जताई नाराजगी; वीडियो वायरल

नैनीताल: सीएम धामी ने मंच पर फेंकी गलत नाम वाली पर्ची, लापरवाही पर जताई नाराजगी; वीडियो वायरल

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सहजता और गुस्से का अनोखा मेल गुरुवार को नैनीताल के भुजियाघाट में देखने को मिला। काया आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन समारोह के दौरान सीएम धामी ने आयोजकों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मंच से ही पर्ची फेंक दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजकों ने सीएम को मंचासीन अतिथियों के नाम वाली पर्ची सौंपी। भाषण के दौरान जब सीएम ने नाम पढ़ना शुरू किया, तो उन्होंने देखा कि जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट की जगह प्रदीप बिष्ट लिखा हुआ है। तुरंत गलती पकड़ते हुए सीएम ने कहा,

“अगर मैं ध्यान नहीं देता, तो गलत नाम ही पढ़ देता। यह ठीक नहीं। इसमें पढ़ना ही क्या है यार, इसे फेंक देते हैं!”

कहते हुए उन्होंने पर्ची मंच से नीचे फेंक दी। यह देखकर उपस्थित जनसमूह ठहाके लगाने लगा और तालियां बजने लगीं। माहौल में हल्की-फुल्की हंसी का दौर चल पड़ा।

इसके बाद सीएम धामी ने बिना किसी पर्ची के मंच पर मौजूद सभी अतिथियों के नाम खुद याद करके एक-एक कर सम्मानपूर्वक लिए। उन्होंने कहा,

“अच्छा हुआ पर्ची फेंक दी। इससे मुझे सबके नाम खुद लेने का मौका मिला।”

सीएम ने आयोजकों को हिदायत भी दी कि ऐसे आयोजनों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर व्यक्ति का नाम सही और सम्मान के साथ लिया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर सराहना:

वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स सीएम धामी की सहजता, सेंस ऑफ ह्यूमर और तत्परता की तारीफ कर रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा: “धामी जी का गुस्सा भी क्लास है, और ह्यूमर भी टॉप क्लास!”

दूसरे ने कहा: “ऐसे नेता चाहिए जो गलती पकड़ें और सुधारें भी।”

यह घटना सीएम धामी के सौम्य स्वभाव और तेज नजर दोनों को एक साथ उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *