एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर AAP नेता का बड़ा आह्वान
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच को विपक्षी दलों का विरोध जारी है. इसी क्रम अब आम आदमी पार्टी दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच मैच नहीं होना चाहिए. अगर भारत की टीम पाकिस्तान के साथ मैच खेलती है तो उस विधवा से कैसे नजरे मिलाएंगे जिसके सुहाग को पाकिस्तान आतंकवादियों ने मारा था.
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिसने अपने बेटे की अस्थियां बहाई तो पूरा देश उस बाप के साथ रोया था. उस दौरान सरकार द्वारा बड़ी-बड़ी बातें कही गई कि व्यापार और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकता. बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकती और खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता. आखिर अब इन बातों का क्या मतलब निकाला जाए. अगर आप पाकिस्तान के साथ मैच खेलते हैं तो ये बहुत गलत होगा.
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि क्या क्रिकेट और आतंकवाद एक साथ चलेगा. एक तरह से बीजेपी की मत मारी गई है। पब्लिक नाराज है, बीजेपी और अनुराग ठाकुर को शर्म आनी चाहिए. अनुराग परिवार के बल पर यह बीसीसीआई में पहुंचे हैं। अनुराग ठाकुर कह रहे हैं 2 पॉइंट कम हो जाएंगे यह बात उस विधवा को बताएं जिसने अपने पति को खोया।
आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि उनकी तरफ से दिल्ली के क्लब, रेस्टोरेंट और नाइट क्लब से मैच न दिखाने की अपील की गई है. दिल्ली की जनता से अपील की है कि अगर इसके बाद ये मैच दिखाते हैं तो आप न देखें. हमने दिल्ली की जनता से भी मैच का बहिष्कार किए जाने की अपील की है. वहीं दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर भी आप कार्यकर्ता भारत-पाक मैच का लगातार विरोध कर रहे हैं.
