राजनीति

‘सुबह उठने से रात को सोने तक हर जरूरी प्रोडक्ट होगा सस्ता’, वित्त मंत्री ने बताया कैसे रोज होगी बचत

देश में टैक्स व्यवस्था को सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने जीएसटी (GST) दरों में व्यापक कटौती की है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को कहा कि पहले 12% जीएसटी स्लैब में आने वाले करीब 99% सामान अब 5% जीएसटी स्लैब में ला दिए गए हैं। इस सुधार से आम जनता को सीधे राहत मिलने वाली है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधार देश के प्रत्येक नागरिक के लिए एक बड़ी जीत है। सीतारमण ने रविवार को चेन्नई में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत के प्रत्येक राज्य के अपने त्योहारों को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दीपावली से पहले जीएसटी सुधारों को लागू करने के निर्देश से बहुत पहले ही इन्हें लागू करने का निर्णय लिया गया है।

चेन्नई सिटीजन्स फोरम द्वारा आयोजित ‘उभरते भारत के लिए कर सुधार’ कार्यक्रम में अपने संबोधन में सीतारमण ने कहा कि माल एवं सेवा कर का लाभकारी प्रभाव सुबह की शुरुआत से लेकर रात के सोने तक सभी उत्पादों पर रहेगा। कुछ प्रमुख पहल का उल्लेख करते हुए सीतारमण ने कहा कि जिन 99 प्रतिशत वस्तुओं पर पहले जीएसटी के तहत 12 प्रतिशत कर लगता था, अब उनपर सिर्फ पांच प्रतिशत कर लगेगा। वित्त मंत्री ने बताया कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजें जैसे किराना सामान, पैकेज्ड फूड, घरेलू सामान, हस्तशिल्प (जैसे तंजावुर गुड़िया) समेत 350 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स घटाया गया है। उन्होंने कहा कि यह सुधार केवल टैक्स दरों में कटौती तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद है मांग बढ़ाना, भरोसा कायम करना और भारत को 2047 की दृष्टि की ओर ले जाना। सीतारमण ने यह भी कहा कि 2017 में जीएसटी पंजीकरण 65 लाख था, जो अब बढ़कर 1.51 करोड़ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *