भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर शहीद शुभम की पत्नी हुईं भावुक, कही ये बात
एशिया कप 2025 में रविवार की रात भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होना है। दोनों देशों के बीच यह मैच दुबई में खेला जाना है। इधर, भारत में एक तरफ मैच में जीत की दुआएं मांगी जा रही हैं तो दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ मैच खेलने के फैसले का विरोध भी हो रहा है। इस बीच पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी का भी दर्द छलका है। उन्होंने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा कि मैच के बाद पाकिस्तान के पास फिर से पैसा होगा। वह एक बार फिर उठ खड़ा होगा और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह हुए ठिकानों का पुनर्निर्माण होगा। यह उन 26 परिवारों (पहलगाम पीड़ितों) पर पाकिस्तान की ओर से सबसे बड़ा तमाचा होगा।
एएनआई से बातचीत में ऐशान्या ने कहा कि पाकिस्तान का बहिष्कार करना और उनके खिलाफ मैच न खेलना हमारे लोगों के बस की बात नहीं है। अगर हम ऐसा कर रहे होते, तो बीसीसीआई भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए राजी नहीं होता। अगर हम बदलाव लाना चाहते, तो हमें यह फैसला लेना चाहिए था कि अगर हमें पाकिस्तान के खिलाफ खेलना ही है, तो हम एशिया कप और विश्व कप में हिस्सा नहीं लेंगे। बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेटर आज देश के बारे में नहीं सोच पा रहे हैं। मुझे उनसे (पीड़ितों को) श्रद्धांजलि की उम्मीद नहीं है।
ऐशान्या ने कहा कि पाकिस्तान के पास फिर से पैसा होगा तो वो फिर से पहलगाम जैसा आतंकी हमला करने के लिए तैयार होगा। पाकिस्तान का रेवन्यू फिर से बढ़ेगा और वो फिर से पहले जैसे खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता समझ पा रही है कि आज हमारे परिवार से कोई गया है कल उनके साथ भी हो सकता है। यह जनता समझ रही है लेकिन बीसीसीआई वाले और इंडियन क्रिकेटर नहीं समझ पा रहे हैं। आज 26 परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है कल दूसरे परिवारों के साथ हो सकता है। जनता इस बात से पूरी तरह वाकिफ है। पाकिस्तान का एक ही काम है कि पैसे आएं तो आतंकवाद बढ़ाओ। जब उनका सारा पैसा वहीं जाना है और आप इस चीज से पूरी तरह वाकिफ हैं फिर भी क्या आपकी आंखें बंद हैं? या आपको सिर्फ पैसा दिख रहा है।
ऐशान्या ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 शहीदों को श्रद्धांजलि की उम्मीद मैं देश के 140 करोड़ परिवारों से कर रही हूं कि इस मैच का पूरी तरह से बहिष्कार करके, मैच को न देखकर सही श्रद्धांजलि देंगे। इनको आप ने ही बनाया है। आप ही इनके खिलाफ खड़े होकर बोल सकते हैं। उन्होंने लोगों से रविवार के इंडिया-पाकिस्तान के मैच का बॉयकाट करने की अपील की।
ऐशान्या द्विवेदी ने आरोप लगाया कि बीसीसीआई के लिए पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए जवानों की शहादत कोई मायने नहीं रखती शायद इसलिए कि उनके परिवार से कोई नहीं गया। दूसरी बात यह कि ये क्रिकेटर कहां सो रहे हैं। वे क्यों नहीं स्टैंड ले रहे। बीसीसीआई आप पर बंदूक रखकर गेम थोड़े खिलवा देगी। फिर मैं मैच के प्रायोजकों से पूछना चाहती हूं कि क्या आपके अंदर कोई इमोशन ही नहीं बचा। छोटी सी बात है कि आपका पड़ोसी झगड़ा कर लेता है तो आप बात नहीं करते। क्या आपकी आंख का पानी मर चुका है।
