भारी बारिश से मनाली में तबाही: दुकानें बहीं, कुल्लू-मनाली-लेह NH-3 कई जगह टूटा
भारी बारिश से मनाली में तबाही: दुकानें बहीं, कुल्लू-मनाली-लेह NH-3 कई जगह टूटा
मनाली: हिमाचल प्रदेश के मनाली में लगातार भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। व्यास नदी के उफान पर आने से मनाली के बाहंग क्षेत्र में कई दुकानें, एक होटल और कुछ घर बह गए। कुल्लू-मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 अगस्त 2025 को हिमाचल प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जिसमें मनाली, कुल्लू और मंडी में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण व्यास नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया, जिससे आलू ग्राउंड, वॉल्वो बस स्टैंड और ग्रीन टैक्स बैरियर जलमग्न हो गए। बाहंग में शेरे-ए-पंजाब होटल और आसपास की दुकानें नदी के तेज बहाव में बह गईं। एक एटीएम बूथ भी नष्ट हो गया।
NH-3 पर ढंकार और समाहन के पास सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया, जिससे मनाली-लेह मार्ग पर संपर्क टूट गया। ओल्ड मनाली से बुरुआ और गुरुद्वारा मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गए। भूस्खलन और मलबे के कारण चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी कई जगहों पर बंद है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में रायसन से लेफ्ट बैंक मार्ग शुरू किया है।
कुल्लू के उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने बताया कि बाहंग क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। आलू ग्राउंड में फंसे एक कर्मचारी, दीप चंद, को पुलिस और अग्निशमन विभाग ने हाइड्रा क्रेन की मदद से बचाया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसके चलते स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
स्थानीय निवासियों और पर्यटकों में दहशत का माहौल है। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। इस आपदा ने 2023 की बाढ़ की यादें ताजा कर दीं, जब भी व्यास नदी ने भारी नुकसान पहुंचाया था।
