डोनाल्ड ट्रंप की नई टोपी ने मचाया बवाल: ‘TRUMP WAS RIGHT ABOUT EVERYTHING’ लिखे होने से विवाद
डोनाल्ड ट्रंप की नई टोपी ने मचाया बवाल: ‘TRUMP WAS RIGHT ABOUT EVERYTHING’ लिखे होने से विवाद
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी नई टोपी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनकी मशहूर ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) टोपी की जगह एक नई लाल टोपी ने ध्यान खींचा है, जिस पर बड़े अक्षरों में लिखा है, “TRUMP WAS RIGHT ABOUT EVERYTHING” (ट्रंप हर चीज में सही थे)। यह टोपी पहली बार दिसंबर 2024 में ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में देखी गई थी और 25 फरवरी 2025 को व्हाइट हाउस में प्रेस के सामने इसका प्रदर्शन किया गया।
22 अगस्त 2025 को ट्रंप ने यह टोपी पहनकर व्हाइट हाउस के पास ‘द पीपल्स हाउस’ संग्रहालय का दौरा किया, जहां उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन के घर पर FBI छापे के बारे में सवालों का जवाब दिया। लेकिन चर्चा उनके बयान से ज्यादा टोपी पर केंद्रित रही। सोशल मीडिया पर आलोचकों ने इसे “हास्यास्पद” और “अहंकारी” करार दिया। एक यूजर ने लिखा, “वह हर चीज में सही होने का दावा करते हैं, लेकिन FBI छापे की जानकारी नहीं थी?”
इसके अलावा, ट्रंप स्टोर में बिक रही “TRUMP 2028” टोपी ने भी विवाद छेड़ा है, क्योंकि यह संकेत देती है कि ट्रंप तीसरे कार्यकाल की योजना बना रहे हैं, जो अमेरिकी संविधान की 22वीं संशोधन के तहत असंवैधानिक है। 18 अगस्त को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ मुलाकात में ट्रंप ने अपनी टोपी कलेक्शन दिखाया, जिसमें “TRUMP 2028” टोपी ने विशेष ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर इसे “चिंताजनक” और “संविधान का उल्लंघन” बताया गया।
ट्रंप समर्थकों के बीच ये टोपियां खासी लोकप्रिय हैं और ऑनलाइन बिक्री में तेजी देखी जा रही है। हालांकि, आलोचकों का कहना है कि यह ट्रंप का प्रचार तंत्र है, जो उनकी छवि को और मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
