राष्ट्रीय

‘आर्यभट्ट से गगनयान तक का सफर करता है पीढ़ियों को प्रेरित’, नेशनल स्पेस डे पर बोले पीएम मोदी

देशभर में आज शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (National Space Day) मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को नेशनल स्पेस डे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस बार स्पेस डे की थीम है ‘आर्यभट्ट से गगनयान तक’ इसमें अतीत का आत्मविश्वास भी है और भविष्य का संकल्प भी है, आज हम देख रहे हैं कि इतने कम समय में नेशनल स्पेस डे हमारे युवाओं में उत्साह और आकर्षण का अवसर बन गया है। यह देश के लिए गर्व की बात है।

पीएम मोदी ने कहा, “स्पेस सेक्टर में एक के बाद एक नए मील के पत्थर गढ़ना भारत और भारत के वैज्ञानिकों का स्वभाव बन गया है, दो साल पहले ही भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया था जो चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचा था। अभी तीन दिन पहले मेरी ग्रुप कैप्टेन शुंभाशु शुक्ला से मुलाकात हुई। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर तिरंगा फहराकर हर भारतीय को गर्व से भर दिया। वह अनुभूति शब्दों से परे है।”

उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही आप सब वैज्ञानिकों की मेहनत से भारत गगनयान की उड़ान भी भरेगा और आने वाले समय में भारत अपना स्पेस स्टेशन भी बनाएगा। अभी हम चंद्रमा और मार्स तक पहुंचे हैं, अब हमें गहरे अंतरिक्ष में उन हिस्सों तक भी पहुंचना है जहां मानवता के भविष्य के लिए कई जरूरी रहस्य छिपे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अनंत अंतरिक्ष हमें हमेशा यह एहसास दिलाता है कि वहां कोई ठहराव नहीं है, कोई अंतिम पड़ाव नहीं है। मेरा मानना ​​है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में नीतिगत स्तर पर कोई अंतिम पड़ाव नहीं होना चाहिए, इसीलिए मैंने लाल किले से कहा था कि हमारा मार्ग है रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म।

भारत हर साल चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाता है, इस दिन ने (23 अगस्त, 2023) भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बना दिया।वहीं, ISRO के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा कि 23 अगस्त 2023 एक ऐतिहासिक दिन था। भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराई। हम ऐसा करने वाले एकमात्र देश बन गए।

उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री, जो एक दूरदर्शी नेता हैं और हमारे मंत्री ने हमें अंतरिक्ष गतिविधियों को अंजाम देने के लिए दिशानिर्देश दिए। उन्होंने ही चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का नाम ‘शिव शक्ति’ रखा। उन्होंने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *