राष्ट्रीय

अनिल अंबानी के घर समेत अन्य ठिकानों पर CBI की रेड, 17,000 करोड़ के बैंक लोन फ्रॉड में कार्रवाई

अनिल अंबानी के घर समेत अन्य ठिकानों पर CBI की रेड, 17,000 करोड़ के बैंक लोन फ्रॉड में कार्रवाई

मुंबई, 23 अगस्त 2025: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार सुबह उद्योगपति अनिल अंबानी के मुंबई स्थित आवास और रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) से जुड़े अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई 17,000 करोड़ रुपये के कथित बैंक लोन फ्रॉड मामले में की गई। CBI ने इस मामले में दिल्ली में एक नई FIR दर्ज की है, जिसमें अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को 3,073 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

CBI के सूत्रों के अनुसार, सुबह 7 बजे करीब 7-8 अधिकारियों की एक टीम अंबानी के कफ परेड स्थित सीविंड आवास पर पहुंची। इस दौरान अनिल अंबानी और उनका परिवार मौजूद था। जांच एजेंसी ने RCOM और अन्य संबंधित इकाइयों के दस्तावेजों की जांच की। SBI ने 10 नवंबर 2020 को RCOM और अंबानी को “फ्रॉड” घोषित किया था, जिसके बाद 5 जनवरी 2021 को CBI में शिकायत दर्ज की गई थी। हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट के एक स्टे ऑर्डर के कारण जांच रुकी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के मार्च 2023 के आदेश के बाद फ्रॉड वर्गीकरण फिर से लागू हुआ। 15 जुलाई 2024 को खाता फिर से “फ्रॉड” घोषित किया गया, और 24 जून 2025 को RBI को सूचित करने के बाद CBI ने कार्रवाई शुरू की।

इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी 5 अगस्त को अंबानी से 10 घंटे तक पूछताछ की थी और 35 ठिकानों पर छापेमारी की थी। ED की जांच में 50 कंपनियों और येस बैंक से जुड़े 3,000 करोड़ रुपये के कथित फंड डायवर्जन का खुलासा हुआ। CBI और ED दोनों ही इस मामले में गहन जांच कर रहे हैं, जिसमें फर्जी बैंक गारंटी, शेल कंपनियों के जरिए फंड डायवर्जन और लोन एवरग्रीनिंग के आरोप शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *