विपक्ष का मास्टरस्ट्रोक: पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी को बनाया उपराष्ट्रपति उम्मीदवार
विपक्ष का मास्टरस्ट्रोक: पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी को बनाया उपराष्ट्रपति उम्मीदवार
नई दिल्ली, 19 अगस्त 2025: विपक्षी गठबंधन INDIA ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को 10 राजाजी मार्ग पर हुई गठबंधन की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके नाम का ऐलान किया। यह फैसला पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफे के बाद लिया गया, जिनके इस्तीफे ने 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव का रास्ता साफ किया।
79 वर्षीय जस्टिस रेड्डी का जन्म आंध्र प्रदेश के रंगा रेड्डी जिले में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 1971 में उस्मानिया यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की और आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में वकालत शुरू की। 1995 में वे आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के स्थायी जज बने, 2005 में गौहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और 2007 में सुप्रीम कोर्ट के जज नियुक्त हुए। 2011 में रिटायरमेंट के बाद वे गोवा के पहले लोकायुक्त रहे। रेड्डी को संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके प्रगतिशील रुख के लिए जाना जाता है।
कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा, “जस्टिस रेड्डी का चयन गठबंधन की एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” विपक्ष ने रेड्डी के गैर-राजनीतिक और निष्पक्ष चेहर को रणनीतिक दांव के रूप में चुना, जो DMK की दक्षिण भारतीय उम्मीदवार और TMC की गैर-राजनीतिक चेहर की मांग को पूरा करता है। AAP सांसद संजय सिंह ने भी उनके समर्थन की पुष्टि की।
रेड्डी का मुकाबला NDA के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से होगा। हालांकि, संख्याबल में NDA के पास 427 सांसदों का समर्थन है, जबकि विपक्ष के पास 355 सांसद हैं। विपक्ष को उम्मीद है कि रेड्डी का नाम दक्षिण भारतीय दलों जैसे TDP, YSRCP और BRS को आकर्षित कर सकता है। रेड्डी ने कहा, “मैं सभी दलों से समर्थन की अपील करता हूं। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का अवसर है।”
