Thursday, September 17, 2026
Latest:
उत्तराखंड

31 जुलाई की आपदा में लापता भराड़ीसैण के हिमांशु के परिवार ने क्षेत्रीय विधायक सहित मुख्यमंत्री से लगाई गुहार। बहिन ने सोशल मीडिया पर की मार्मिक अपील

रुद्रप्रयाग:- 31जुलाई 2024 को केदारनाथ में आई आपदा के बाद से गैरसैंण के भराडीसैंण बाजार के निकट परवाड़ी  गांव के हिमांशु नेगी का कोई पता नहीं चल पा रहा है। परिजनों के अनुसार 22 वर्षीय हिमांशु 12 वीं कक्षा पास करने बाद रोजगार की तलाश में गौरीकुंड केदारनाथ गया था। 31 जुलाई की आपदा के बाद से हिमांशु लापता है।

30जुलाई को हिमांशु ने अपने दोस्त के फोन से घर पर मैसेज भेज कर 1अगस्त को घर आने की जानकारी दी थी।

लेकिन अगले ही दिन 31जुलाई को आयी आपदा के बाद से परिजनों का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।  परिवार वालों ने इसकी सूचना 3 अगस्त को सोनप्रयाग थाने में दर्ज करवायी। साथ ही 12 अगस्त को थाना गैरसैंण सहित विधायक कर्णप्रयाग व मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर  हिमांशु को खोजने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक हिमांशु के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है

परिवार में पिता नरेंद्र सिंह नेगी का स्वास्थ्य खराब रहता है,  90 वर्षीय दादा जमन सिंह, 88वर्षीय दादी अषाडी देवी सहित मां गणेशी देवी, छोटी बहन हिमानी और राहुल की जिम्मेदारी भी हिमांशु के कंधों पर ही थी।

हिमांशु के लापता होने से परिवार सदमे की स्थिति में है। बहिन हिमानी भाई को खोजने की गुहार लगाती हुई कहती है कि, एक तरफ राखी का त्यौहार है, और मेरा भाई लापता है, वो अपने भाई को राखी बांधेगी। किसी अनहोनी की आशंका से घबरायी बहन खुद को संभालते हुए परिवारजनों को ढाढस बंधाते हुए कहती है, कि उन्हें भाई की कुशलता की सूचना जल्द मिलेगी।

हिमांशु के चचेरे भाई चंद्र मोहन ने बताया कि परिजन अपने स्तर से भी केदारनाथ क्षेत्र में हिमांशु को ढूंढने का हर संभव प्रयास कर चुके हैं, लेकिन कहीं कोई पता नहीं लगा। अब परिजन प्रशासन से ही उम्मीद लगाकर बैठे हैं।

परिजनों से मिलने पंहुचे विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल ने कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित रूद्रप्रयाग जिला प्रशासन को घटना की पूरी जानकारी दे दी गयी है। जिसको लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *