3 साल बाद भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री: दिल्ली में होने वाली SCO बैठक में हिस्सा लेंगे जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक
3 साल बाद भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री: दिल्ली में होने वाली SCO बैठक में हिस्सा लेंगे जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक
भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों के बीच एक बड़ी कूटनीतिक खबर सामने आई है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक आगामी 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है। तीन साल से अधिक समय के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का यह पहला भारत दौरा होगा।
’ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहला मंत्री स्तरीय दौरा
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मुसादिक मलिक नई दिल्ली में होने वाले SCO के ‘सभ्यता संवाद’ (Civilisational Dialogue) में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौरतलब है कि मई 2025 में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले आखिरी बार मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में आयोजित SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आए थे।
क्या है SCO का ‘सभ्यता संवाद’ फोरम?
इस विशेष फोरम का प्रस्ताव पिछले साल चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य SCO के 10 सदस्य देशों और 15 संवाद साझेदार देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को विकसित करने और प्रदर्शित करने वाली परियोजनाओं को आगे बढ़ाना है। हालांकि इस फोरम के लिए पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया गया था, लेकिन अब जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक इसमें शिरकत करेंगे।
एक दशक में भारत आने वाले तीसरे पाकिस्तानी मंत्री
साल 2016 के पठानकोट आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत पूरी तरह से ठप है। तब से लेकर अब तक, पिछले एक दशक में भारत आने वाले मुसादिक मलिक केवल तीसरे पाकिस्तानी मंत्री होंगे:
2016: सरताज अजीज (अमृतसर में ‘हार्ट ऑफ एशिया’ सम्मेलन के लिए)
2023: बिलावल भुट्टो जरदारी (गोवा में SCO विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए)
2026: मुसादिक मसूद मलिक (नई दिल्ली में SCO ‘सभ्यता संवाद’ के लिए)
बहुपक्षीय मंचों तक ही सीमित हैं मुलाकातें
दोनों देशों के बीच होने वाले ये सभी उच्चस्तरीय दौरे केवल बहुपक्षीय (Multilateral) मंचों तक ही सीमित रहे हैं। इससे पहले साल 2024 में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी SCO की ‘काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट’ की बैठक में शामिल होने इस्लामाबाद गए थे, जो 2015 में सुषमा स्वराज के दौरे के बाद किसी भारतीय मंत्री की पहली पाकिस्तान यात्रा थी। भारत का स्पष्ट रुख रहा है कि आतंकवाद और द्विपक्षीय बातचीत एक साथ नहीं चल सकते, इसलिए दोनों देशों के बीच कोई द्विपक्षीय वार्ता नहीं हो रही है।

