अमेरिका में एयरलाइन संकट बरकरार: तकनीकी खराबी के कारण हजारों उड़ानें रद्द, रविवार देर रात तक सामान्य हो सकती हैं सेवाएं
अमेरिका में एयरलाइन संकट बरकरार: तकनीकी खराबी के कारण हजारों उड़ानें रद्द, रविवार देर रात तक सामान्य हो सकती हैं सेवाएं
अमेरिका में जारी भीषण एयरलाइन संकट अभी तक थमा नहीं है और इसके रविवार तक जारी रहने की आशंका है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल कम्युनिकेशन सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण देश भर में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। एफएए प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने शनिवार को स्पष्ट किया कि रविवार देर रात तक ही उड़ान सेवाओं के सामान्य होने की उम्मीद है।
हजारों उड़ानें रद्द, लाखों यात्री परेशान
विमानन ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ (FlightAware) के आंकड़ों के मुताबिक, इस तकनीकी व्यवधान का असर लगातार जारी है:
शुक्रवार: करीब 9,200 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और 7,500 अन्य उड़ानों में देरी हुई।
शनिवार: शाम 6:45 बजे (ईटी) तक 6,150 से अधिक फ्लाइट्स रद्द हो चुकी थीं और 7,300 से ज्यादा उड़ानें देरी से चल रही थीं।
रविवार: शनिवार शाम तक ही रविवार के लिए निर्धारित 530 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
इस संकट के चलते देश भर के हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं। एयरलाइंस के सामने अब विमानों, पायलटों और क्रू सदस्यों को दोबारा सही जगह पर तैनात कर नियमित शेड्यूल बहाल करने की बड़ी चुनौती है। एफएए प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने यात्रियों से माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया है कि विमानन प्रणाली अब स्थिर है और एजेंसी कामकाज को पूरी तरह सामान्य करने में जुटी है।
9/11 हमलों के बाद सबसे बड़ा देशव्यापी व्यवधान
इस संकट की शुरुआत शुक्रवार को तब हुई थी, जब एफएए को पूरे देश में ‘ग्राउंड स्टॉप’ (उड़ानों पर पूर्ण रोक) लागू करना पड़ा था। लगभग पांच घंटे तक चली यह रोक 11 सितंबर, 2001 (9/11) के आतंकी हमलों के बाद से अमेरिकी हवाई यात्रा में आया सबसे लंबा देशव्यापी व्यवधान साबित हुई।
साइबर हमले की आशंका खारिज, नए राउटर से हुई खराबी
इस असामान्य स्थिति के बाद व्हाइट हाउस के ‘सिचुएशन रूम’ में एक आपातकालीन बैठक भी बुलाई गई थी। शुरुआत में अधिकारियों को इसके पीछे साइबर हमले की आशंका थी, लेकिन बाद में परिवहन सचिव सीन डफी ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी की असल वजह का पता लगा लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह समस्या एफएए के एक ठेकेदार ‘ए3हैरिस’ (L3Harris) द्वारा एक दूरस्थ केंद्र पर नया राउटर लगाने के दौरान उत्पन्न हुई थी।

