Wednesday, November 11, 2026
Latest:
खेल

रहमत शाह ने रचा इतिहास, ICC टेस्ट रैंकिंग के टॉप-10 में पहुंचने वाले पहले अफगानी क्रिकेटर बने

रहमत शाह ने रचा इतिहास, ICC टेस्ट रैंकिंग के टॉप-10 में पहुंचने वाले पहले अफगानी क्रिकेटर बने

अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। वह आईसीसी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-10 में जगह बनाने वाले अफगानिस्तान के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में खेले गए पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के दम पर रहमत छह स्थान की छलांग लगाकर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

रहमत शाह ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 173 रन की शानदार पारी खेली। इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्करम और श्रीलंका के कामिंदू मेंडिस जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। 33 वर्षीय रहमत की यह टेस्ट क्रिकेट में पांचवीं सेंचुरी और इस साल की दूसरी शतकीय पारी थी।

अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि इसी महीने टीम आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में भी अपने इतिहास के सर्वोच्च छठे स्थान पर पहुंची थी।

क्रेग इरविन को भी टेस्ट रैंकिंग में बड़ा फायदा

जिम्बाब्वे के बल्लेबाज क्रेग इरविन को भी ताजा टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है। अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह टेस्ट की दूसरी पारी में दोहरा शतक लगाने के बाद वह नौ स्थान ऊपर चढ़कर 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

वहीं, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज समाप्त होने के बाद बल्लेबाजी रैंकिंग में भी कई बदलाव देखने को मिले हैं। वेस्टइंडीज के कावेम हॉज 12 स्थान की छलांग लगाकर 52वें और बांग्लादेश के तौहिद हृदॉय 60वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के आमिर जंगू ने 28 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए 62वां स्थान हासिल किया।

जोमेल वारिकन और जस्टिन ग्रीव्स को भी फायदा

गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में वेस्टइंडीज के स्पिनर जोमेल वारिकन ने शानदार प्रदर्शन के दम पर करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। बांग्लादेश के खिलाफ प्लेयर ऑफ द सीरीज रहने वाले वारिकन 11 स्थान ऊपर चढ़कर 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं। टेस्ट ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी उन्होंने चार स्थान की छलांग लगाकर 31वां स्थान हासिल किया।

उनके साथी खिलाड़ी जस्टिन ग्रीव्स को भी फायदा हुआ है। वह टेस्ट ऑलराउंडर्स की सूची में एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

वनडे रैंकिंग में अक्षर, अर्शदीप और गुरनूर की छलांग

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के बाद वनडे रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने सुधार किया है।

वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में 28 रन देकर दो विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल 23 स्थान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों की रैंकिंग में 21वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

वहीं, ऑकलैंड में पहले वनडे में चार विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 11 स्थान की छलांग लगाकर 31वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। न्यूजीलैंड सीरीज से पहले टॉप-100 से बाहर रहे गुरनूर ने शुरुआती दो मैचों में सात विकेट हासिल किए, जिसके बाद वह वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में 48वें स्थान पर पहुंच गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *