अन्तर्राष्ट्रीय

कनाडा बनेगा यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’! व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग को मिलेगी नई मजबूती

कनाडा बनेगा यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’! व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग को मिलेगी नई मजबूती

कनाडा और यूरोपीय संघ (ईयू) ने अपने रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दोनों पक्ष कनाडा को यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’ बनाने की संभावनाओं पर काम करेंगे। यह व्यवस्था पूर्ण सदस्यता से अलग होगी, लेकिन इसके तहत कनाडा को यूरोपीय संघ के साथ आर्थिक, व्यापारिक, तकनीकी और रक्षा क्षेत्रों में व्यापक सहयोग का अवसर मिलेगा।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कनाडा और यूरोपीय संघ पूर्ण सदस्यता से इतर अब तक की सबसे गहरी साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस पहल के तहत कनाडा यूरोपीय संघ का पहला एसोसिएट सदस्य बन सकता है।

कार्नी ने कहा, “मॉन्ट्रियल में हुई बैठक में दोनों पक्षों ने 20 से अधिक नए उपायों पर सहमति बनाई है। इनका उद्देश्य अटलांटिक के दोनों ओर आर्थिक अवसरों को बढ़ाना, लोगों के लिए चीजों को अधिक किफायती बनाना और अपनी संप्रभुता को मजबूत करना है।”

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस पहल को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यूरोपीय संघ-कनाडा शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों ने पूर्ण सदस्यता के अलावा हर संभव क्षेत्र में नजदीकी सहयोग के लिए सहमति बनाई है।

कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, आने वाले महीनों में दोनों पक्ष प्रस्तावित एसोसिएट सदस्यता के स्वरूप, दायरे और शर्तों को अंतिम रूप देने पर काम करेंगे।

मॉन्ट्रियल में हुआ 21वां कनाडा-ईयू शिखर सम्मेलन

21वां कनाडा-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 29 और 30 अक्टूबर को मॉन्ट्रियल में आयोजित किया गया। इसमें कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन शामिल हुईं। सम्मेलन के बाद दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान भी जारी किया।

इस दौरान व्यापार और तकनीक के क्षेत्र में कई अहम समझौते हुए। कनाडा और यूरोपीय संघ ने डिजिटल व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया और प्रतिस्पर्धा से जुड़े समझौते पर बातचीत पूरी की।

इसके अलावा कनाडा यूरोपीय हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग ज्वाइंट अंडरटेकिंग में शामिल हुआ है। इससे कनाडाई शोधकर्ताओं को यूरोप के अत्याधुनिक जुपिटर सुपरकंप्यूटर तक पहुंच मिल सकेगी।

महत्वपूर्ण खनिज और ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी दोनों पक्षों ने सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। कनाडा ने एक संधि रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत यूरोपीय निवेश बैंक कनाडा की महत्वपूर्ण खनिज परियोजनाओं में निवेश कर सकेगा।

इसके साथ ही यूरोप को कनाडा से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के निर्यात की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। दोनों पक्षों के बीच एक नई ट्रांसअटलांटिक डेटा केबल बिछाने पर भी विचार हो रहा है।

शिक्षा और अनुसंधान में भी मिलेगी नई भागीदारी

शिक्षा और शोध के क्षेत्र में कनाडा की भागीदारी बढ़ाने की योजना है। कनाडा यूरोपीय संघ के इरास्मस प्लस कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी और अगले होराइजन यूरोप अनुसंधान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बातचीत करेगा।

इससे दोनों पक्षों के बीच शैक्षणिक और वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रक्षा क्षेत्र में कनाडा को मिला दूसरा अनुबंध

रक्षा सहयोग के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण घोषणा हुई है। कनाडा ने यूरोपीय संघ की ‘सिक्योरिटी एक्शन फॉर यूरोप’ (सेफ) पहल के तहत अपना दूसरा अनुबंध हासिल किया है।

4.4 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य के इस अनुबंध के तहत मॉन्ट्रियल स्थित कंपनी गैल्वियन लातविया को सैन्य हेलमेट की आपूर्ति करेगी। इसे कनाडा और यूरोपीय देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

संप्रभुता को मजबूत करने पर जोर

कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि दुनिया पहले से अधिक असुरक्षित और विभाजित हो गई है। ऐसे में संप्रभुता की जरूरतों और उसकी परिभाषा में भी बदलाव आया है।

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ कनाडा की साझेदारी साझा इतिहास, समान मूल्यों और आपसी सम्मान पर आधारित है। उन्होंने कहा, “संप्रभुता का वास्तविक अर्थ किसी देश और उसके नागरिकों को अपनी शर्तों पर जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलना है।”

गौरतलब है कि यूरोपीय संघ वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार के मामले में कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा साझेदार है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, वर्ष 2025 में दोनों पक्षों के बीच कुल व्यापार लगभग 178 अरब डॉलर का रहा। प्रस्तावित एसोसिएट सदस्यता से इस आर्थिक साझेदारी को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *