‘रामायण’ में रावण बने यश से, बेटे ने पूछा- क्या आखिर में आपकी मौत हो जाएगी? एक्टर ने बताया दिलचस्प किस्सा
‘रामायण’ में रावण बने यश से, बेटे ने पूछा- क्या आखिर में आपकी मौत हो जाएगी? एक्टर ने बताया दिलचस्प किस्सा
साउथ सुपरस्टार यश इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस बीच अभिनेता ने फिल्म की तैयारी के दौरान अपने बेटे के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया है।
यश ने बताया कि जब उनके बेटे को पता चला कि उनके पिता भगवान राम नहीं, बल्कि रावण का किरदार निभाने वाले हैं, तो वह हैरान रह गया। उसके लिए यह समझना मुश्किल था कि उसके पिता कहानी में खलनायक की भूमिका कैसे निभा सकते हैं।
यश के मुताबिक, उनका बेटा उन्हें अच्छी तरह जानता है, लेकिन रामायण की कहानी और उसमें रावण की भूमिका के बारे में जानकर वह चौंक गया। बेटे ने उनसे कहा, ‘नहीं, आप तो बुरे आदमी हैं। आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?’
बेटे को समझाया- राम को अपना आदर्श मानना
यश ने बताया कि उन्हें अपने बेटे को बैठाकर समझाना पड़ा कि रामायण में भगवान राम मुख्य आदर्श हैं और हर किसी को उनके बताए रास्ते पर चलने की कोशिश करनी चाहिए।
अभिनेता ने कहा, “मुझे अपने बेटे को समझाना पड़ा कि इस कहानी में भगवान राम वह मुख्य किरदार हैं, जिन्हें आपको अपना आदर्श मानना चाहिए। हर किसी को राम के रास्ते पर चलना चाहिए। रावण भले ही शक्तिशाली और प्रभावशाली नजर आए, लेकिन जिंदगी में सच्ची और स्थायी जीत तभी मिलती है, जब आप राम की तरह धर्म और सही रास्ते पर चलते हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि बेटे से यह भी कहा कि वह थिएटर में एक अभिनेता के तौर पर उनके लिए तालियां बजा सकता है, लेकिन उनके निभाए किरदार को अपना आदर्श नहीं मानना चाहिए।
बेटे के एक सवाल ने यश को भी कर दिया हैरान
यश ने बताया कि बेटे ने इसके बाद एक ऐसा सवाल पूछा, जिसने उन्हें भी सोचने पर मजबूर कर दिया। उसने पूछा कि क्या कहानी के आखिर में रावण हार जाता है और उसकी मौत हो जाती है?
इस पर यश ने कहा, “बेटे ने पूछा, ‘क्या फिल्म के आखिर में आपकी मौत हो जाती है? क्या आप हार जाते हैं?’ यह सवाल मेरे लिए थोड़ा मुश्किल था। जब मैंने इस फिल्म को साइन किया था, तब मेरे दिमाग में सिर्फ यह था कि मैं अपने दर्शकों को एक शानदार परफॉर्मेंस दूं। मैंने सोचा भी नहीं था कि मुझे अपने बेटे के ऐसे सवालों का सामना करना पड़ेगा। उसे यह समझाना कि एक्टर और उसके निभाए किरदार में फर्क होता है, मेरे लिए एक अलग ही अनुभव था।”
‘रामायण’ में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित फिल्म है। इसे लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
इनके अलावा फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आने वाला है, जबकि दूसरा भाग 2027 में दीपावली के अवसर पर रिलीज होगा।

