योग के बाद न करें ये गलतियां: आयुष मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइन्स, सेशन के अंत में शांति पाठ और रेस्ट जरूरी
योग के बाद न करें ये गलतियां: आयुष मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइन्स, सेशन के अंत में शांति पाठ और रेस्ट जरूरी
नई दिल्ली: तनावपूर्ण और भागदौड़ भरी जीवनशैली के बीच मानसिक सुकून और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग एक बेहद प्रभावी माध्यम है। हालांकि, आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) के जरिए सजग करते हुए कहा है कि माइंडफुल योगा का पूरा लाभ तभी मिलता है जब अभ्यास के समापन का सही तरीका अपनाया जाए। मंत्रालय ने योग अभ्यास के बाद बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों पर विशेष दिशा-निर्देश साझा किए हैं।
योग अभ्यास के बाद ध्यान में रखने योग्य मुख्य बातें:
तुरंत नहाने से बचें (25-30 मिनट का गैप):
योग के दौरान शरीर काफी सक्रिय रहता है और सांसों की गति में भी परिवर्तन आता है। इसलिए योग खत्म होते ही तुरंत नहाने न जाएं। आयुष मंत्रालय की सलाह है कि अभ्यास पूरा होने और नहाने के बीच कम से कम 25 से 30 मिनट का अंतर अवश्य रखें ताकि शरीर का तापमान सामान्य हो सके।
भोजन में रखें 15-30 मिनट का अंतर:
योग सेशन के तुरंत बाद भारी भोजन करने से बचना चाहिए। अभ्यास के 15 से 30 मिनट बाद ही हल्का और पौष्टिक आहार (जैसे ताजा फल, हल्का नाश्ता या न्यूट्रिशियस डाइट) लेना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।
ध्यान और मौन में समय बिताएं:
आसनों के समापन पर कुछ मिनट शांत जगह पर बैठकर ध्यान (Meditation) या गहरे मौन में बिताएं। आंखें बंद कर अपनी सांसों की आवाजाही पर ध्यान केंद्रित करने से मानसिक शांति और स्थिरता प्राप्त होती है।
शांति पाठ और प्रार्थना से करें समापन:
योग सेशन का अंत हमेशा शांति पाठ या प्रार्थना के साथ करें। अपनी आस्था के अनुसार शांति मंत्र का उच्चारण करने से मन में सकारात्मकता, कृतज्ञता और आत्मिक शांति का भाव जागृत होता है।

