ईरान पर हमले की योजना: ट्रंप ने इजरायल को दी थी रोक, सामने आई बड़ी रिपोर्ट
ईरान पर हमले की योजना: ट्रंप ने इजरायल को दी थी रोक, सामने आई बड़ी रिपोर्ट
अक्टूबर की शुरुआत में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरान पर नए सिरे से बड़ा हमला करने की तैयारी में थे, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी मंजूरी नहीं दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली सेना 10 अक्टूबर को ईरान के परमाणु ठिकानों, सरकारी संस्थानों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाने वाली थी।
ट्रंप और इजरायल के चुनाव बने बड़ी वजह
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ किसी भी नए सैन्य संघर्ष को टालना चाहते थे। इसके अलावा, इजरायल में भी चुनाव नजदीक होने के कारण नेतन्याहू के सामने दोबारा सत्ता में लौटने की बड़ी चुनौती है। यही कारण था कि इस संभावित हमले को फिलहाल रोक दिया गया।
क्या आगे फिर हो सकता है हमला?
सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों में चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आने वाले हफ्तों में ईरान पर हमलों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इजरायल ने पहले से ही कुछ नए ठिकानों की एक नई सूची तैयार कर रखी है। इस बीच, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने हाल ही में इजरायल का गोपनीय दौरा किया था और पीएम नेतन्याहू के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा पर अहम चर्चा की थी। हालांकि, इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने चुनाव से पहले युद्ध की कोशिश करने वाले आरोपों को पहले ही खारिज कर दिया है।
ईरान की कड़ी चेतावनी
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने इजरायल को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि इजरायल के चुनावी नतीजों से कोई फर्क नहीं पड़ता, और यदि इजरायल की तरफ से जरा सी भी सैन्य गलती हुई, तो ईरान उसके खतरे को क्षेत्र से हमेशा के लिए खत्म कर देगा।

