Thursday, October 15, 2026
मनोरंजन

अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस: 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश, विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर हुई कार्रवाई

अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस: 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश, विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर हुई कार्रवाई

​मुंबई:

​बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुंबई पुलिस ने विदेशी नागरिकता और नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का औपचारिक नोटिस जारी किया है। अभिनेता ने इस नोटिस की कॉपी रिसीव कर ली है।

​किस मामले में हुई कार्रवाई?

यह पूरी कार्रवाई हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक राजनीतिक प्रदर्शन में इमरान खान की भागीदारी के बाद की गई है।

​गत 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्षी दलों के आंदोलन के समर्थन में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े विवाद को लेकर एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था।

​इस प्रदर्शन में इमरान खान भी शामिल हुए थे, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में लिया था। हालांकि उस वक्त उन्हें रिहा कर दिया गया था, लेकिन पुलिस ने इस मामले में उनके और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

​इमिग्रेशन एक्ट के तहत नोटिस और ओसीआई कार्ड का मुद्दा

मुंबई पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेन एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत यह कदम उठाया है। चूंकि इमरान खान के पास विदेशी नागरिकता (और ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया – OCI कार्ड) है, इसलिए पुलिस ने उनके भारत में रहते हुए किसी राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेने के नियमों का हवाला दिया है।

​भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता किरीट सोमैया ने भी इस मामले में आवाज उठाते हुए मुंबई पुलिस को पत्र लिखा था और सवाल उठाया था कि क्या कोई विदेशी नागरिक इस तरह भारत में राजनीतिक गतिविधियों या प्रदर्शनों में हिस्सा ले सकता है। उन्होंने अभिनेता को देश से बाहर भेजने की मांग की थी।

​फिलहाल, इमरान खान को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद राजनीतिक गलियारों और फिल्म इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अभिनेता या उनकी कानूनी टीम की तरफ से इस नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *