राष्ट्रीय

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का निधन, दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में हैं नेता; हिंगोली जाने का इंतजार

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का निधन, दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में हैं नेता; हिंगोली जाने का इंतजार

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से दुखद खबर सामने आई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का शनिवार को निधन हो गया। वह हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में रहती थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उम्र अधिक होने के कारण पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार खराब थी। उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली।

अभिजीत दिपके की दादी उनके पिता भगवानराव दिपके की मां थीं। निधन की खबर मिलने के समय अभिजीत दिल्ली में थे। वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली रवाना हुए थे। हालांकि, दिल्ली पहुंचते ही एयरपोर्ट पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

माता-पिता हिंगोली के लिए रवाना

अभिजीत दिपके के माता-पिता अनिता और भगवान दिपके फिलहाल छत्रपति संभाजीनगर में हैं। जानकारी के मुताबिक, उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात है। दादी के निधन की खबर मिलने के बाद दोनों के तुरंत हिंगोली के लिए रवाना होने की सूचना है।

अब परिवार की चिंता इस बात को लेकर है कि अभिजीत दिपके को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हिंगोली जाने की अनुमति कब मिलेगी। उनकी हिरासत के बीच इस संबंध में दिल्ली पुलिस के फैसले पर नजर बनी हुई है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से हिरासत

शनिवार सुबह CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, सह-संयोजक सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया। पार्टी के मुताबिक, पुलिसकर्मी उस विमान के अंदर पहुंचे, जिसमें सवार होकर अभिजीत दिल्ली आए थे। विमान कुछ मिनट पहले ही इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था।

CJP के नेताओं को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई पार्टी के विरोध प्रदर्शन से पहले हुई। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी में थी।

‘मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं’

हिरासत के दौरान अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, “मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं। मुझे गिरफ्तार करो।”

फिलहाल, दादी के निधन के बाद अभिजीत दिपके को हिंगोली जाने की अनुमति मिलने को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *