उत्तराखंड BJP का 2027 पर फोकस, राम माधव बोले- 60 पार का लक्ष्य
उत्तराखंड BJP का 2027 पर फोकस, राम माधव बोले- 60 पार का लक्ष्य
उत्तराखंड बीजेपी के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव शुक्रवार, 2 अक्टूबर को सह-प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज के साथ देहरादून पहुंचे। तीनों नेताओं ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद राम माधव और बांसुरी स्वराज ने मीडिया से भी बातचीत की।
राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के कई काम हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और पार्टी का संदेश जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी को आगामी चुनाव में सिर्फ बहुमत हासिल करने के बजाय 60 से ज्यादा सीटों के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है।
राम माधव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठन को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक भूमिका के साथ राजनीतिक स्तर पर भी सक्रिय होकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने विपक्ष की नीतियों और मुद्दों को भी जनता के सामने रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बीजेपी कई राज्यों में लगातार तीन बार सत्ता में वापसी कर चुकी है और उत्तराखंड में भी पार्टी लगातार तीसरी जीत के लिए तैयारी कर रही है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को नए उत्साह के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया गया।
बांसुरी स्वराज ने विपक्ष पर साधा निशाना
बीजेपी सांसद और उत्तराखंड की सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि कुछ लोग धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी सोच को जनता के सामने उजागर करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अब बीजेपी कार्यकर्ताओं को सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाना होगा। पार्टी के अनुसार, प्रदेश में सरकार के कामकाज और विकास कार्यों को लेकर जनता तक व्यापक रूप से पहुंच बनाने की तैयारी है।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ पर जोर
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनावी जीत के लिए बीजेपी का फोकस ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ जैसे अभियानों पर रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को बहुमत के साथ सरकार बनाने के लक्ष्य पर काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक सीटें जीतने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
