पिथौरागढ़ में SSB कैंप की बैरक में लगी आग, 60 जवानों ने भागकर बचाई जान
पिथौरागढ़ में SSB कैंप की बैरक में लगी आग, 60 जवानों ने भागकर बचाई जान
पिथौरागढ़ में नेपाल सीमा से सटे धारचूला की व्यास घाटी के गर्त्यांग में एसएसबी कैंप की एक बैरक में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बैरक में मौजूद करीब 60 जवानों को बाहर निकलकर अपनी जान बचानी पड़ी। हालांकि, हादसे में किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले हुई बर्फबारी के बाद क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात के समय तापमान माइनस में पहुंच रहा है। ठंड से बचने के लिए जवान बैरक के अंदर डीजल से चलने वाली बुखारी जला रहे थे।
गुरुवार रात करीब 8 बजे अचानक बुखारी में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद बैरक में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरी बैरक को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे सीमा क्षेत्र में भी अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद एसएसबी जवानों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग बढ़ती देख पास में तैनात आईटीबीपी के जवान और स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। सामूहिक प्रयासों से आग को आसपास की दूसरी बैरकों तक फैलने से रोक लिया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
अग्निकांड में जवानों का राशन, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। धारचूला एसडीएम आशीष जोशी ने 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट के कमांडेंट के हवाले से बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक बुखारी फटने से आग लगी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
