Friday, October 2, 2026
Latest:
मनोरंजन

करण जौहर ने किया ‘कॉफी विद करण’ के आखिरी सीजन का ऐलान, 14 अक्टूबर से जियोस्टार पर होगा प्रीमियर

करण जौहर ने किया ‘कॉफी विद करण’ के आखिरी सीजन का ऐलान, 14 अक्टूबर से जियोस्टार पर होगा प्रीमियर

​फिल्ममेकर और टीवी होस्ट करण जौहर का लोकप्रिय सेलिब्रिटी चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर शो के फाइनल सीजन का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। वीडियो में वह शो के लंबे सफर को याद करते हुए काफी इमोशनल नजर आए और बताया कि इस शो को शुरू करने का आइडिया उन्हें अपने दिवंगत पिता यश जौहर से हुई बातचीत के दौरान आया था।

​8 सीजन और 22 साल का सफर

इन्स्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए करण ने लिखा, ”मुझे लगता है कि हमें बात करनी चाहिए, कॉफी पर… ‘हॉटस्टार स्पेशल्स: कॉफी विद करण सीजन 9’ का प्रीमियर 14 अक्टूबर से जियोस्टार पर होगा।”

उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि जून 2004 में उन्होंने अपने पिता से एक टॉक शो होस्ट करने की इच्छा जताई थी, जिस पर उनके पिता ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि इसके लिए कोई पैसे क्यों देगा। उसी महीने 26 जून को उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद करण ने 16 अगस्त 2004 को शो के लिए पहली बार शूट किया था। आज 8 सीजन, 22 साल और 161 एपिसोड का सफर तय करने के बाद वह इसका आखिरी सीजन लेकर आ रहे हैं।

​दर्शकों का जताया आभार

शो के अंत को लेकर करण ने कहा कि कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिन्हें खत्म करने की कोई योजना नहीं होती, लेकिन दिल जानता है कि अब उन्हें जाने देने का वक्त आ गया है। इस शो ने उन्हें दोस्ती, यादें, प्यार और विवाद सब दिए, लेकिन जो चीज हमेशा बनी रही, वह दर्शकों का प्यार था। उन्होंने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह आखिरी सीजन उनकी तरफ से एक आखिरी बार कॉफी मग उठाने और दर्शकों को धन्यवाद कहने का तरीका है। जियो हॉटस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के हेड आलोक जैन ने भी इस ऐतिहासिक सफर की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *