हरिद्वार में कांग्रेस नेता के होटल पर GST की छापेमारी, 20 लाख रुपये की ITC जमा
हरिद्वार में कांग्रेस नेता के होटल पर GST की छापेमारी, 20 लाख रुपये की ITC जमा
हरिद्वार में मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीम ने पूर्व मेयर अनीता शर्मा के पति और कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के होटल अशोका पर छापेमारी की। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान टीम ने होटल के दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की। विभाग के अनुसार, जांच में होटल निर्माण के दौरान ऐसी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिए जाने की बात सामने आई, जो निर्माण कार्य पर पात्र नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक, होटल मालिक की ओर से 20 लाख रुपये की राशि मौके पर जमा कराई गई।
जीएसटी विभाग की एसआईपी शाखा के असिस्टेंट कमिश्नर राजीव तिवारी के अनुसार, कार्रवाई के लिए विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई समेत 10 अधिकारियों की टीम गठित की गई थी। जांच में यह पाया गया कि निर्माण कार्य से संबंधित ITC को होटल के कमरों के किराये से संबंधित ITC के तौर पर दर्शाकर लाभ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन रिकॉर्ड का विस्तृत सत्यापन किया जाएगा और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। विभाग ने कहा कि कार्रवाई किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर नहीं की गई है और जांच में होटल प्रबंधन की ओर से सहयोग किया गया।
जीएसटी टीम के होटल पहुंचने की सूचना के बाद मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी। दोपहर करीब 12 बजे टीम कार्रवाई के लिए पहुंची और करीब तीन घंटे तक दस्तावेजों की जांच के बाद वहां से रवाना हुई।
वहीं, अशोक शर्मा ने जीएसटी कार्रवाई को राजनीतिक रूप देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी तरह की टैक्स चोरी नहीं की है और सरकार के खिलाफ उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ उनका ‘पोल खोल अभियान’ जारी रहेगा।
अशोक शर्मा कांग्रेस के सक्रिय नेताओं में शामिल हैं और हरिद्वार से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से वह सड़क, शौचालय समेत विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।
