Thursday, October 1, 2026
Latest:
उत्तराखंड

उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रैक समेत चार रूटों से 67 ट्रेकर्स का सुरक्षित रेस्क्यू, अभियान पूरा

उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रैक समेत चार रूटों से 67 ट्रेकर्स का सुरक्षित रेस्क्यू, अभियान पूरा

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में खराब मौसम के चलते कालिंदी खाल समेत अलग-अलग ट्रैक रूटों पर फंसे सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। SDRF, भारतीय सेना, UCADA, पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय प्रशासन समेत विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि बचाव दलों ने दुर्गम और चुनौतीपूर्ण इलाकों में पैदल रेस्क्यू के साथ-साथ हेली रेस्क्यू के जरिए ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाला। अलग-अलग ट्रैक रूटों से कुल 67 ट्रेकर्स का रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू किए गए ट्रेकर्स में ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, माउंट जॉगिंग से 8 और वासुकी ताल से 11 ट्रेकर्स शामिल हैं।

खराब मौसम और बर्फबारी के बीच चला रेस्क्यू अभियान

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव दलों को दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, खराब मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम के कारण उड़ान संचालन में मुश्किलें आईं।

इन चुनौतियों के बावजूद सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क के जरिए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया और सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।

अस्पताल में कराया गया स्वास्थ्य परीक्षण

रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।

खराब मौसम के कारण कालिंदी खाल समेत कई अन्य ट्रैक रूटों पर ट्रेकर्स के फंसने की सूचना के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया था। अभियान पूरा होने के साथ इन सभी इलाकों में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *