खेल

डेविस कप में भारत और दक्षिण कोरिया आमने-सामने, फाइनल 8 में जगह बनाने पर नजर

डेविस कप में भारत और दक्षिण कोरिया आमने-सामने, फाइनल 8 में जगह बनाने पर नजर

नई दिल्ली: भारत 18 और 19 सितंबर को 2026 डेविस कप क्वालीफायर के दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया का सामना करेगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबले सोल के ओलंपिक टेनिस सेंटर में हार्ड कोर्ट पर खेले जाएंगे। इस मुकाबले की विजेता टीम नवंबर में इटली के बोलोग्ना में होने वाले डेविस कप के ‘फाइनल 8’ में जगह बनाएगी।

डेविस कप रैंकिंग में भारत 19वें स्थान पर है, जबकि दक्षिण कोरिया 16वें नंबर पर है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने मजबूत चुनौती होगी।

दक्षिणेश्वर सुरेश करेंगे अभियान की शुरुआत

शुक्रवार को शुरुआती सिंगल्स मुकाबले में विश्व रैंकिंग में 367वें स्थान पर मौजूद दक्षिणेश्वर सुरेश का सामना क्वोन सून-वू से होगा। इसके बाद भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले सिंगल्स खिलाड़ी सुमित नागल, जो फिलहाल 247वें स्थान पर हैं, पूर्व ऑस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनलिस्ट चुंग ह्योन के खिलाफ उतरेंगे।

शनिवार को डबल्स मुकाबले में एन श्रीराम बालाजी और निकी कल्यांडा पूनाचा की जोड़ी दक्षिण कोरिया के नाम जी-सुंग और पार्क उई-सुंग से भिड़ेगी। पूनाचा को युकी भांबरी के जांघ की चोट के कारण टीम में शामिल किया गया है।

रिवर्स सिंगल्स में नागल का सामना क्वोन सून-वू से और दक्षिणेश्वर सुरेश का मुकाबला चुंग ह्योन से हो सकता है। जरूरत पड़ने पर यह पांचवां मुकाबला निर्णायक साबित हो सकता है।

नीदरलैंड्स को हराकर यहां पहुंचा भारत

भारत ने फरवरी में बेंगलुरु में नीदरलैंड्स को 3-2 से हराकर क्वालीफायर के दूसरे दौर में जगह बनाई थी। उस मुकाबले में दक्षिणेश्वर सुरेश ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने तीनों जीतों में हिस्सा लिया और निर्णायक पांचवां मुकाबला भी अपने नाम किया था।

दक्षिण कोरिया ने भी बुसान में अर्जेंटीना को 3-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

हेड-टू-हेड में कोरिया आगे

भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपने पिछले दो डेविस कप मुकाबले जीते हैं। इनमें 2016 में चंडीगढ़ में मिली 4-1 की जीत भी शामिल है। हालांकि, दोनों टीमों के बीच कुल रिकॉर्ड में दक्षिण कोरिया 6-5 से आगे है।

भारत 1966, 1974 और 1987 में डेविस कप का उपविजेता रह चुका है। हालांकि, मौजूदा प्रारूप लागू होने के बाद भारतीय टीम अब तक ‘फाइनल 8’ में जगह नहीं बना सकी है।

मुकाबलों का शेड्यूल

18 सितंबर

दक्षिणेश्वर सुरेश बनाम क्वोन सून-वू — सुबह 10:30 बजे

सुमित नागल बनाम चुंग ह्योन — पहले मुकाबले के बाद

19 सितंबर

एन श्रीराम बालाजी/निकी पूनाचा बनाम नाम जी-सुंग/पार्क उई-सुंग — सुबह 8:30 बजे

सुमित नागल बनाम क्वोन सून-वू — जरूरत पड़ने पर

दक्षिणेश्वर सुरेश बनाम चुंग ह्योन — जरूरत पड़ने पर

दोनों टीमों की स्क्वाड

भारत: सुमित नागल, दक्षिणेश्वर सुरेश, मानस धामने, एन श्रीराम बालाजी, निकी कल्यांडा पूनाचा

कप्तान: रोहित राजपाल

दक्षिण कोरिया: क्वोन सून-वू, चुंग ह्योन, होंग सोंग-चान, नाम जी-सुंग, पार्क उई-सुंग

कप्तान: जियोंग जोंग-साम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *