मनोरंजन

‘द ट्रेटर्स 2’ का हुआ ग्रैंड फिनाले, ट्रेटर्स ने मारी बाजी; रिदा थराना और क्रिस्टल डिसूजा बनीं विनर

‘द ट्रेटर्स 2’ का हुआ ग्रैंड फिनाले, ट्रेटर्स ने मारी बाजी; रिदा थराना और क्रिस्टल डिसूजा बनीं विनर

मुंबई। ओटीटी रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ का रोमांचक सफर अब खत्म हो गया है। 10 एपिसोड तक चले इस गेम में विश्वास, रणनीति, धोखे और बदलते समीकरणों ने दर्शकों को लगातार बांधे रखा। फिनाले में ट्रेटर्स और इनोसेंट्स के बीच आखिरी मुकाबला हुआ, जिसमें ट्रेटर्स ने बाजी मार ली। रिदा थराना और क्रिस्टल डिसूजा ने शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।

रिदा और क्रिस्टल ने पार किए मुश्किल पड़ाव

करण जौहर द्वारा होस्ट किए गए इस सीजन में शुरुआत से ही कंटेस्टेंट्स के बीच रणनीति और विश्वास का खेल देखने को मिला। हर एपिसोड के साथ बदलते गठजोड़ और एलिमिनेशन ने मुकाबले को और चुनौतीपूर्ण बनाया।

क्रिस्टल डिसूजा ने पूरे सीजन में अपनी रणनीति से खास प्रभाव छोड़ा। उनके गेम की खुद करण जौहर भी तारीफ कर चुके थे। वहीं, बाद में रिदा थराना के ट्रेटर्स के कैंप में शामिल होने के बाद दोनों ने मिलकर गेम को आगे बढ़ाया और आखिरकार खिताब अपने नाम कर लिया।

फिनाले में ये कंटेस्टेंट्स थे शामिल

फिनाले तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों में मल्लिका शेरावत, साहिल सलाथिया, शालिनी पासी, दलीप ताहिल, रिदा थराना और क्रिस्टल डिसूजा शामिल रहे।

इन खिलाड़ियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना था कि उनके बीच छिपे ट्रेटर्स कौन हैं और किस पर भरोसा किया जा सकता है। लेकिन अंतिम मुकाबले में ट्रेटर्स की रणनीति इनोसेंट्स पर भारी पड़ी।

3 सितंबर को रिलीज हुआ फिनाले

‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ का दसवां और आखिरी एपिसोड 3 सितंबर 2026 को रात 8 बजे प्राइम वीडियो पर रेंट के जरिए उपलब्ध कराया गया। फिनाले में बचे खिलाड़ियों के सामने ट्रेटर्स की पहचान करने और खुद को गेम से बाहर होने से बचाने की अंतिम चुनौती थी।

पूरे सीजन के दौरान जिन रहस्यों और रणनीतियों ने दर्शकों को उलझाए रखा, उनमें से कई सवालों के जवाब फिनाले में मिले।

शाहनील गिल के एलिमिनेशन ने बदला था खेल

शो के आखिरी दौर में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब शाहनील गिल की पहचान ट्रेटर के रूप में सामने आई और उन्हें गेम से बाहर कर दिया गया। वह सीजन की तीसरी ट्रेटर थीं, जिन्हें एलिमिनेट किया गया।

इससे पहले हरमन सिंघा और आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू भी ट्रेटर के तौर पर बाहर हो चुके थे। शाहनील के एलिमिनेशन के बाद क्रिस्टल को अपनी टीम में एक नए ट्रेटर को शामिल करने का मौका मिला। उन्होंने रिदा थराना को यह ऑफर दिया, जिसे रिदा ने स्वीकार कर लिया।

इसके बाद दोनों ने मिलकर गेम में अपनी स्थिति मजबूत की और फिनाले तक पहुंचने में सफल रहीं।

पहले ही बाहर हो चुके थे कई बड़े नाम

फिनाले से पहले कई चर्चित कंटेस्टेंट्स का सफर खत्म हो चुका था। श्वेता तिवारी भी शो से बाहर हो गई थीं, जबकि रिया चक्रवर्ती को ‘सर्कल ऑफ शक’ चुनौती के बाद एलिमिनेशन का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा मुनव्वर फारूकी, अभिषेक मल्हान, हरमन, प्रिश और पारुल गुलाटी जैसे कंटेस्टेंट्स भी पहले ही गेम से बाहर हो चुके थे।

आखिरकार तमाम उतार-चढ़ाव और रणनीतिक चालों के बाद क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने ट्रेटर्स के रूप में खिताब अपने नाम कर लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *