अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने सीएम धामी को भेजी राखी; पत्र लिखकर याद की धराली आपदा के दौरान दुपट्टे के टुकड़े से बांधी राखी की कहानी
अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने सीएम धामी को भेजी राखी; पत्र लिखकर याद की धराली आपदा के दौरान दुपट्टे के टुकड़े से बांधी राखी की कहानी
देहरादून: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अहमदाबाद (गुजरात) की धनगौरी बरोलिया ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी और एक भावुक पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने पिछले वर्ष उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण आपदा के दौरान मुख्यमंत्री से हुई पहली मुलाकात की दिल छू लेने वाली कहानी बयां की है।
दुपट्टे के टुकड़े से बनी थी राखी की डोर
आपदा के बीच मुलाकात: धनगौरी ने बताया कि पिछले वर्ष रक्षाबंधन के समय वे उत्तराखंड यात्रा पर आई थीं और धराली में आई आपदा व बाढ़ में फंस गई थीं। मुख्यमंत्री धामी जब ग्राउंड जीरो पर आपदा पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे, तब धनगौरी को भी उनसे मिलने का मौका मिला।
अनोखा रक्षाबंधन: मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत के दौरान रक्षाबंधन का जिक्र करते हुए पूछा था कि क्या उनके पास कोई राखी है? उस वक्त उनके पास राखी नहीं थी, तो उन्होंने अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर उसे ही राखी मानकर सीएम धामी की कलाई पर बांध दिया था। उसी क्षण से उन्होंने मुख्यमंत्री को अपना धर्म भाई मान लिया।
कृष्ण-द्रौपदी के प्रसंग का किया उल्लेख
अपने पत्र में धनगौरी ने लिखा कि धराली की उस अत्यंत कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री ने वहां फंसे लोगों को संबल और भरोसा दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार संकट में श्रीकृष्ण द्रौपदी के लिए आगे आए थे, उसी प्रकार मुख्यमंत्री भी उस आपदा में फंसे लोगों का सहारा बने।
इस वर्ष अहमदाबाद में होने के बावजूद उन्होंने अपने धर्म भाई को राखी भेजना नहीं भूला। पत्र के अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के स्वस्थ, दीर्घायु होने और इसी निष्ठा के साथ प्रदेश की सेवा करते रहने की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
