नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से 903 लोगों की मौत, 4,247 अब भी लापता
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से 903 लोगों की मौत, 4,247 अब भी लापता
काठमांडू: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इस दौरान अलग-अलग इलाकों से शव मिलने का सिलसिला जारी है। नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) के सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 903 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, 4,247 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
चितवन में मिले सबसे ज्यादा शव
आंकड़ों के अनुसार, दक्षिणी चितवन जिले में सबसे ज्यादा 272 शव बरामद हुए हैं। स्थानीय प्रशासन को शवों को संभालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाद में बरामद ज्यादातर शवों को बीमारियों के फैलने के खतरे को देखते हुए देवघाट में दफना दिया गया।
देवघाट काली गंडकी और त्रिशूली नदियों का संगम स्थल है। जिला प्रशासन के अनुसार, शवों को दफनाने से पहले अधिकारियों ने उनके डीएनए नमूने सुरक्षित किए, ताकि भविष्य में उनकी पहचान की जा सके।
21 अस्पतालों में रखे गए अज्ञात शव
एनडीआरआरएमए के मुताबिक, कई अज्ञात शव अलग-अलग जिलों के 21 अस्पतालों में रखे गए हैं। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके किसी परिजन का अब तक पता नहीं चला है, तो वे पहचान के लिए सरकारी रिकॉर्ड की जांच करें।
लापता लोगों में 592 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा भोटेकोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्रों में स्थित विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में काम करने वाले 933 कर्मचारी भी अब तक संपर्क में नहीं आए हैं।
सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने का अभियान
अधिकारियों की टीमें भारतीय और चीनी तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
नेपाल-चीन सीमा के आसपास के प्रभावित इलाकों में आपदा के बाद नेपाल सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और अन्य सरकारी कर्मचारियों में से भी कई लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है।
267 लोग घायल, 10,451 को बचाया गया
इस आपदा में अब तक 267 लोगों के घायल होने की जानकारी है। इनमें से 156 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
एनडीआरआरएमए के अनुसार, राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 252 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। नेपाल सेना ने हवाई बचाव अभियान के जरिए 3,344 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित निकाला है।
20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए नेपाल में अब तक 20,819 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 8,722 नेपाल सेना के जवान, 7,894 नेपाल पुलिसकर्मी और 4,203 सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल लापता लोगों की तलाश, जलविद्युत परियोजनाओं में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाना है।
