मनोरंजन

करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ का ट्रेलर रिलीज, सच्ची घटना से प्रेरित है फिल्म की कहानी

करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ का ट्रेलर रिलीज, सच्ची घटना से प्रेरित है फिल्म की कहानी

मुंबई: अभिनेत्री करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर फिल्म ‘दायरा’ का ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी यह फिल्म सही और गलत के बीच की नैतिकता के साथ-साथ समाज के जटिल पहलुओं को सामने लाती है। 2 मिनट 19 सेकंड के ट्रेलर में एक ऐसे अपराध की कहानी दिखाई गई है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है और जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।

एक केस, दो जांच और अलग-अलग नजरिया

फिल्म की कहानी में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका में नजर आ रहे हैं। दोनों एक ही मामले की जांच करते हैं, लेकिन उसे देखने का उनका नजरिया अलग है।

जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, केस से जुड़े नए रहस्य और खुलासे सामने आते हैं। इसके साथ ही दर्शकों के सामने यह सवाल भी खड़ा होता है कि आखिर सच क्या है और न्याय किसे कहा जाए।

‘कहानी कब फैसला बन जाती है?’

‘दायरा’ का ट्रेलर कई गंभीर सवाल उठाता है। फिल्म यह सवाल करती है कि कोई कहानी कब लोगों के लिए फैसला बन जाती है? जब हर व्यक्ति की अपनी राय हो, तो न्याय कौन तय करेगा? और जब हम किसी घटना के सिर्फ गवाह हों, तो आखिर हमें किसकी बात पर भरोसा करना चाहिए?

ट्रेलर में दमदार संवादों के जरिए सच, न्याय और लोगों की धारणा के बीच के अंतर को सामने लाने की कोशिश की गई है।

सपोर्टिंग कास्ट भी दमदार

फिल्म में करीना और पृथ्वीराज के अलावा जितेंद्र जोशी, क्षिती जोग, कंवलजीत सिंह, संदीप कुलकर्णी और तृप्ति खामकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कलाकारों की मौजूदगी कहानी में भावनात्मक गहराई और अलग-अलग नजरियों को सामने लाती है।

मेघना गुलजार के साथ तीसरी फिल्म

‘दायरा’ का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा पर यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने काम किया है।

यह जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज का पहला सहयोग है। वहीं, ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स का यह तीसरा सहयोग है।

इसके अलावा, ‘दायरा’ करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की पहली साथ वाली फिल्म भी है।

18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा (पेन स्टूडियोज) द्वारा निर्मित यह फिल्म 18 सितंबर को हिंदी और मलयालम भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का वितरण पेन मरुधर द्वारा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *