खेल

IND vs SL: दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया से मिले श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त, दोनों टीमों की हुई मेजबानी

IND vs SL: दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया से मिले श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त, दोनों टीमों की हुई मेजबानी

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले कोलंबो में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खास मुलाकात का आयोजन हुआ। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने गुरुवार रात कोलंबो स्थित इंडिया हाउस में भारतीय और श्रीलंकाई क्रिकेट टीमों की मेजबानी की।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए इसे ‘यादगार शाम’ बताया।

संतोष झा ने शेयर कीं कार्यक्रम की तस्वीरें

संतोष झा ने भी सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने दोनों देशों की टीमों की मेजबानी पर खुशी जताते हुए कहा कि क्रिकेट भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों को और मजबूत करने का काम करता है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच खेल के प्रति साझा जुनून इस रिश्ते को और खास बनाता है।

पहले टेस्ट में भारत ने दर्ज की बड़ी जीत

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने 165 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

पहले टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 462 रन बनाए थे। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंकाई टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली।

दूसरी पारी में भारतीय टीम 193 रन पर सिमट गई, जिससे श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य था। हालांकि श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ही ऑलआउट हो गई।

भारत की जीत में मानव सुथार की गेंदबाजी अहम रही। उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी को समेटने में बड़ी भूमिका निभाई।

अब दोनों टीमों की नजरें कोलंबो में रविवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट पर हैं, जहां भारत सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *