मनोरंजन

11 सितंबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी ‘द रेवोल्यूशनरीज’, आजादी की अनसुनी कहानियां दिखाएगी सीरीज

11 सितंबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी ‘द रेवोल्यूशनरीज’, आजादी की अनसुनी कहानियां दिखाएगी सीरीज

निखिल आडवाणी की पीरियड ड्रामा सीरीज ‘द रेवोल्यूशनरीज’ दुनियाभर में रिलीज होने के लिए तैयार है। मेकर्स ने मंगलवार को सीरीज की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया। यह सीरीज 11 सितंबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

कई भाषाओं में होगी रिलीज

‘द रेवोल्यूशनरीज’ को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और बंगाली भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इसके अलावा अंग्रेजी और कई अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में सबटाइटल्स भी उपलब्ध होंगे।

सीरीज का निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया है, जबकि मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है।

संजीव सान्याल की किताब पर आधारित

यह सीरीज लेखक संजीव सान्याल की किताब ‘द रेवोल्यूशनरीज: द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम’ पर आधारित है। कहानी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के उन पहलुओं पर केंद्रित है, जिन्हें आमतौर पर कम चर्चा मिलती है।

कहानी 1857 के विद्रोह के बाद के दौर और ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करने वाले युवा क्रांतिकारियों की बहादुरी और बलिदान को सामने लाएगी।

चार क्रांतिकारियों की कहानी

सीरीज में चार युवा क्रांतिकारियों की कहानी प्रमुखता से दिखाई जाएगी—रास बिहारी बोस का किरदार भुवन बाम, सचिंद्र नाथ सान्याल का किरदार रोहित सराफ, प्रतिभा लाहिरी का किरदार प्रतिभा रांटा और बाघा जतिन का किरदार गुरफतेह पीरजादा निभा रहे हैं।

कहानी में इन क्रांतिकारियों के ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ संघर्ष के साथ उनकी दोस्ती, बलिदान, मुश्किल फैसलों और आपसी संघर्षों को भी दिखाया जाएगा।

दमदार स्टारकास्ट

सीरीज में भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा जेसन शाह, पाओली दाम और तोता रॉय चौधरी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

सीरीज की स्क्रिप्ट संयुता चावला शेख, अक्षिता वाधवाना, शोभित नारंग और रुत्वी मेहता ने लिखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *