यूरोप में जंगल की आग का कहर, कई देशों में हालात गंभीर
यूरोप में जंगल की आग का कहर, कई देशों में हालात गंभीर
यूरोप के कई देशों में जंगल की आग ने भारी तबाही मचा रखी है। ग्रीस, स्पेन, पुर्तगाल, बेल्जियम, क्रोएशिया, जर्मनी और फ्रांस के कई इलाकों में आग से हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
ग्रीस के सलामिस द्वीप में आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। आग के खतरे को देखते हुए 500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। तेज हवाओं और सूखे मौसम के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही है।
स्पेन के आरागॉन क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से लगी आग पर काबू पाने के अभियान के दौरान एक सैनिक की मौत हो गई। आग से करीब एक हजार साल पुराने मठ को भी खतरा पैदा हो गया है।
पुर्तगाल में भी कई जगह आग बुझाने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी जुटे हैं। वहीं बेल्जियम में जर्मनी की सीमा के पास लगी आग को देश के आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी जंगल की आग बताया जा रहा है।
क्रोएशिया में भी आग एक पर्यटक क्षेत्र तक पहुंच गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और करीब 40 लोग घायल हुए। यूरोपीय संघ ने महाद्वीप के कई हिस्सों में जंगल की आग के खतरे को ‘बहुत गंभीर’ बताया है।
