Thursday, September 10, 2026
Latest:
मनोरंजन

​विवादों के बीच ZEE5 का बड़ा फैसला: रिलीज के 3 दिन बाद ही हटाई गई दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’, भारत में स्ट्रीमिंग पर रोक

​विवादों के बीच ZEE5 का बड़ा फैसला: रिलीज के 3 दिन बाद ही हटाई गई दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’, भारत में स्ट्रीमिंग पर रोक

​मुंबई: अभिनेता दिलजीत दोसांझ की बहुप्रतीक्षित और विवादित फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सेंसर बोर्ड (CBFC) के साथ करीब तीन साल लंबी कानूनी लड़ाई जीतने के बाद यह फिल्म बीते शुक्रवार (3 जुलाई) को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज हुई थी। लेकिन रिलीज के महज तीन दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से अचानक हटा लिया गया है। इस बात की आधिकारिक घोषणा खुद जी5 (ZEE5) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक बयान जारी कर की है।

​”ताजा हालातों को देखते हुए लिया गया फैसला”

​जी5 ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर एक आधिकारिक स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा कि ताजा घटनाक्रमों और मौजूदा हालातों को देखते हुए ‘सतलुज’ फिल्म अगले नोटिस तक भारत में देखने के लिए उपलब्ध नहीं होगी।

​प्लेटफॉर्म ने अपने बयान में आगे कहा:

​”फिल्म के रिलीज होने के बाद से इसे जो जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है, वह वाकई शानदार है। हम उन सभी दर्शकों के बहुत आभारी हैं जिन्होंने इस फिल्म को देखा और सपोर्ट किया। ZEE5 में, हम ‘सतलुज’ और इसके पीछे की क्रिएटिव सोच के साथ मजबूती से खड़े हैं। हमारा मानना ​​है कि दमदार कहानी कहने की कला में लोगों को प्रेरित करने की क्षमता होती है। हम सही कानूनी प्रक्रिया और रास्ता अपनाकर इस फिल्म को जल्द से जल्द अपने दर्शकों तक वापस लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

​’पंजाब ’95’ से ‘सतलुज’ बनने की कहानी और 127 कट्स का विवाद

​हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुरुआत से ही विवादों के घेरे में रही है। मूल रूप से इस फिल्म का नाम ‘पंजाब ’95’ रखा गया था। यह फिल्म पंजाब के प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और उनके संघर्षों पर आधारित है।

​फिल्म को दर्शकों के सामने लाने के लिए मेकर्स को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के साथ एक लंबी कानूनी जंग लड़नी पड़ी। फिल्ममेकर्स ने पहले सेंसर बोर्ड पर आरोप लगाया था कि बोर्ड ने फिल्म को पास करने के लिए इसमें 127 कट्स लगाने का निर्देश दिया था। आखिरकार, करीब 3 साल के लंबे इंतजार के बाद फिल्म का नाम बदलकर ‘सतलुज’ किया गया और इसे बिना किसी कट के जी5 पर स्ट्रीम किया गया था।

​कुछ ही पलों की रही दिलजीत और डायरेक्टर की खुशी

​फिल्म के बिना किसी कट के ओटीटी पर रिलीज होने से अभिनेता दिलजीत दोसांझ और निर्देशक हनी त्रेहान बेहद खुश थे और दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी भी जाहिर की थी। लेकिन ऐसा लगता है कि उनकी यह खुशी कुछ ही पलों के लिए थी, क्योंकि अब भारत में इस फिल्म की स्ट्रीमिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

​दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म

​इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले दिलजीत दोसांझ के अलावा अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओल्यान जैसे दमदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिलहाल, जी5 का कहना है कि वे इस कहानी और क्रिएटिव ईमानदारी के साथ खड़े हैं और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर इसे जल्द ही भारत में वापस लाइव करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *