वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच कल महामुकाबला, जानें कब, कहां और कैसे देखें लाइव
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच कल महामुकाबला, जानें कब, कहां और कैसे देखें लाइव
बर्मिंघम: क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म हो चुका है और वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक आगाज हो गया है। 12 जून से शुरू होकर 5 जुलाई तक चलने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस बार खिताब जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत अपने सबसे बड़े चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। फैंस इस हाई-वोल्टेज मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम पाकिस्तान मैच?
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच यह ब्लॉकबस्टर मुकाबला रविवार, 14 जून 2026 को बर्मिंघम के ऐतिहासिक एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार (IST) शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। वहीं, मैच शुरू होने से ठीक आधा घंटा पहले (शाम 6:30 बजे) दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर टॉस के लिए उतरेंगे।
इस वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम की कमान अनुभवी ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, जबकि पाकिस्तान टीम की कप्तानी युवा खिलाड़ी फातिमा सना कर रही हैं। भारतीय टीम इस मैच में पाकिस्तान को करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग?
यदि आप इस रोमांचक मुकाबले का आनंद घर बैठे उठाना चाहते हैं, तो इसकी प्रसारण डिटेल्स इस प्रकार हैं:
टीवी पर लाइव टेलीकास्ट: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मैच का सीधा प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। आप इसे स्टार स्पोर्ट्स 1, स्टार स्पोर्ट्स 1 HD, स्टार स्पोर्ट्स 2, स्टार स्पोर्ट्स 2 HD, स्टार स्पोर्ट्स 3 और स्टार स्पोर्ट्स 3 HD पर लाइव देख सकते हैं।
स्मार्टफोन और डिजिटल पर लाइव स्ट्रीमिंग: यदि आप अपने मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको अपने डिवाइस में जियो हॉटस्टार (JioHotstar) ऐप इंस्टॉल करना होगा, जहां मैच की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड: पाकिस्तान पर बेहद भारी है टीम इंडिया
साल 2009 में शुरू हुए वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कुल 9 एडिशन खेले जा चुके हैं। इस दौरान भारत और पाकिस्तान की टीमें कुल 8 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारतीय टीम का पलड़ा पूरी तरह से भारी रहा है:
कुल मुकाबले भारत की जीत पाकिस्तान की जीत
08 06 02
इससे पहले साल 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान जब दोनों टीमें आपस में भिड़ी थीं, तब भी टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 6 विकेट से धूल चटाई थी। आंकड़ों और हालिया फॉर्म के लिहाज से इस महामुकाबले में हरमनप्रीत कौर की ‘विमेंस इन ब्लू’ की जीत की संभावना काफी मजबूत नजर आ रही है।
