सुपरस्टार थलापति विजय के बेटे जेसन संजय की पहली फिल्म ‘सिग्मा’ का पहला गाना रिलीज़, 31 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
सुपरस्टार थलापति विजय के बेटे जेसन संजय की पहली फिल्म ‘सिग्मा’ का पहला गाना रिलीज़, 31 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पूर्व साउथ सुपरस्टार थलापति विजय के बाद अब उनके बेटे जेसन संजय सिनेमाई दुनिया में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जेसन संजय के निर्देशन में बन रही पहली तमिल-तेलुगु द्विभाषी फिल्म ‘सिग्मा’ का पहला ऊर्जावान गाना आज शनिवार को रिलीज़ कर दिया गया है।
इस गाने को अभिनेता दुलकर सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तमिल और तेलुगु दोनों वर्जन में शेयर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। दुलकर ने लिखा, “सिग्मा का पहला सिंगल लॉन्च करते हुए बहुत खुशी हो रही है। प्यारे जेसन संजय और पूरी टीम को फिल्म की सफल रिलीज और आगे के शानदार सफर के लिए मेरी शुभकामनाएं।” थमन एस, स्माइल तुपाकीज़ और एमसी रूड की आवाज़ से सजे इस गाने में फिल्म का युवा जोश साफ दिखाई दे रहा है।
31 जुलाई को दुनिया भर में रिलीज़ होगी फिल्म
लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही ‘सिग्मा’ एक एक्शन-एडवेंचर थ्रिलर फिल्म है, जिसमें संदीप किशन मुख्य भूमिका में हैं। जेसन संजय ने हाल ही में इसकी रिलीज डेट का खुलासा किया था, जिसके मुताबिक यह फिल्म 31 जुलाई को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म के जरिए जेसन अपने पिता थलापति विजय की सिनेमाई विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, जो अब पूरी तरह राजनीति और जनसेवा में सक्रिय हो चुके हैं।
फिल्म निर्माण में पढ़े-लिखे हैं जेसन संजय
लंदन में जन्मे और चेन्नई में पले-बढ़े जेसन संजय ने टोरंटो (कनाडा) से फिल्म निर्माण में डिप्लोमा और लंदन से स्क्रीनप्ले राइटिंग (पटकथा लेखन) का कोर्स किया है। अपनी पढ़ाई के दौरान उन्होंने ‘पुल द ट्रिगर’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म का निर्देशन भी किया था। पिछले कुछ समय से माता-पिता (विजय और संगीता सोरनलिंगम) के तलाक की खबरों के बीच जेसन मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर काफी हद तक शांत रहे हैं और अपना पूरा ध्यान इस फिल्म पर लगा रहे हैं।
