मनोरंजन

शिल्पा शिंदे के बयान पर बढ़ा विवाद: संजय कोहली ने फोन कर कहा शुक्रिया; पूजा बेदी की जांच वाली मांग पर एक्ट्रेस ने दिया ये जवाब

शिल्पा शिंदे के बयान पर बढ़ा विवाद: संजय कोहली ने फोन कर कहा शुक्रिया; पूजा बेदी की जांच वाली मांग पर एक्ट्रेस ने दिया ये जवाब

​मुंबई। टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शिंदे को लेकर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, बल्कि समय के साथ और गहराता जा रहा है। कुछ समय पहले शिल्पा ने मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में एक चौंकाने वाला खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि साल 2016 में मशहूर टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ के निर्माता संजय कोहली पर उन्होंने जो यौन उत्पीड़न (हैरसमेंट) के आरोप लगाए थे, वह पूरी तरह झूठे थे। एक्ट्रेस के इस कबूलनामे के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है और लोग उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब इस पूरे विवाद पर शिल्पा शिंदे ने एक बार फिर खुलकर अपनी बात रखी है।

​निर्माता संजय कोहली ने फोन कर जताया आभार

​इस पूरे विवाद के बीच शिल्पा शिंदे ने बताया कि उन्होंने निर्माता संजय कोहली और उनकी पत्नी से बात की है। मीडिया एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बातचीत में शिल्पा ने कहा, ”हां, मैंने संजय कोहली और उनकी पत्नी से बात की है। उन्होंने मुझसे कहा कि जो लोग आलोचना करना चाहते हैं, उन्हें करने दिया जाए। मुझे पहले से ही अंदाजा था कि मेरे बयान के बाद ऐसा विवाद खड़ा हो सकता है। संजय कोहली ने मुझे धन्यवाद कहने के लिए कॉल किया था, लेकिन मैंने उनसे कहा कि इस तरह के मामले में धन्यवाद या माफी जैसे शब्द काफी नहीं हैं। मैं और संजय कोहली दोनों अच्छी तरह जानते हैं कि उस समय की असलियत और सच्चाई क्या थी।”

​’पुराने मुर्दे मत उखाड़ो, मेरे पास कईयों के खिलाफ सबूत हैं’

​शिल्पा ने आगे कहा कि वह सच बोलने से कभी नहीं डरतीं और किसी भी व्यक्ति को सच कहने से डरना नहीं चाहिए। उन्होंने एक मिसाल पेश की है कि अगर कोई बात सच है, तो उसे स्वीकार करने और सार्वजनिक रूप से कहने की हिम्मत होनी चाहिए।

​विवाद उस समय और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर एक यूजर ने आरोप लगाया कि शिल्पा पहले भी कई लोगों पर इस तरह के झूठे आरोप लगा चुकी हैं। इस पर पलटवार करते हुए अभिनेत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ”मैंने पहले भी कहा है कि पुरानी बातों को उखाड़ने की कोशिश मत करो। अगर लोग पुराने मामलों को फिर से सामने लाएंगे तो मेरे पास ऐसे उदाहरण और सबूत हैं, जो कई लोगों के बारे में बनी धारणाओं को पल भर में बदल सकते हैं। इसमें कुछ ऐसे लोगों के बारे में भी कई बातें शामिल हैं जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।”

​पूजा बेदी की ‘निष्पक्ष जांच’ वाली मांग का किया समर्थन

​इस विवाद के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री पूजा बेदी ने भी अपना रिएक्शन दिया था। पूजा बेदी ने कहा था कि यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में कानूनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए इस पूरे प्रकरण की गहन और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। शिल्पा शिंदे ने पूजा बेदी के इस बयान का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा, ”मेरे लिए सही और गलत की परिभाषा हमेशा स्पष्ट रही है। गलत को गलत और सच को सच कहना ही मेरे स्वभाव का हिस्सा है। मैं पूजा बेदी की इस बात का समर्थन करती हूं कि ऐसे हर मामले की जांच जरूर होनी चाहिए। अगर सच्चाई जानने के लिए जांच की जरूरत है, तो वह जरूर की जानी चाहिए और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।”

​क्या है पूरा मामला?

​गौरतलब है कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब शिल्पा शिंदे ने भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में हिस्सा लिया था। वहां उन्होंने स्वीकार किया कि साल 2016 में उन्होंने निर्माता संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला सिर्फ इसलिए दर्ज कराया था, क्योंकि उस समय उन्हें लगा था कि उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि शो के कॉन्ट्रैक्ट और उनके बकाया भुगतान (पेमेंट) को लेकर चल रहे विवाद के दौरान दबाव बनाने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *