महामुकाबले के लिए हो जाइए तैयार: महिला टी20 विश्व कप में इस दिन भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान, जानें पूरा शेड्यूल
महामुकाबले के लिए हो जाइए तैयार: महिला टी20 विश्व कप में इस दिन भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान, जानें पूरा शेड्यूल
खेल डेस्क। क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बार फिर सबसे बड़े रोमांच का समय आ गया है। भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होने वाली हैं। इस महामुकाबले में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त बचा है। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच यह भिड़ंत आईसीसी महिला टी20 विश्व कप (ICC Women’s T20 World Cup) में होने जा रही है। टूर्नामेंट के लिए दोनों टीमों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अब मैदान पर रणनीति को अमलीजामा पहनाने पर विचार किया जा रहा है। आइए जानते हैं कि यह हाई-वोल्टेज मैच कब और कहां खेला जाएगा।
12 जून से इंग्लैंड में शुरू होगा टूर्नामेंट, 14 जून को महामुकाबला
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। इस बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी इंग्लैंड कर रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन यानी 12 जून को मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच उद्घाटन मैच खेला जाएगा।
वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में 14 जून (रविवार) को करेगी, जब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। रविवार का दिन होने के कारण इस मैच को लेकर फैंस का उत्साह दोगुना है। भारतीय समयानुसार यह मैच शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। बता दें कि 12 जून से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट 5 जुलाई तक चलेगा।
बेहद कड़े ग्रुप में है भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका से कड़ी चुनौती
इस बार टूर्नामेंट में भारतीय टीम को जिस ग्रुप में रखा गया है, उसमें पाकिस्तान के अलावा नीदरलैंड्स, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीमें शामिल हैं। देखा जाए तो कागजों पर भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला थोड़ा आसान हो सकता है, लेकिन साउथ अफ्रीका और मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों से भारत को बेहद कड़ी टक्कर मिलने वाली है।
वैसे रिकॉर्ड्स की बात करें तो पाकिस्तान की महिला टीम अब तक किसी भी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम को हराने में कामयाब नहीं हो सकी है। टीम इंडिया इस अजेय रिकॉर्ड को आगे भी हर हाल में कायम रखना चाहेगी।
पहले टी20 विश्व कप खिताब की तलाश में टीम इंडिया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अब तक एक भी बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम नहीं किया है। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में इस बार टीम इंडिया इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हाल ही में भारतीय महिला टीम ने वनडे विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था, जिससे इस बार फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
हालांकि, इस विश्व कप से ठीक पहले भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, जहां भारत को दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा और वह केवल एक ही मैच जीत सकी थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम इस आईसीसी टूर्नामेंट में अपनी गलतियों को सुधारकर कैसा प्रदर्शन करती है।
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।
