’कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर देश में बड़ी ठगी: पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी, क्लिक करते ही खाली हो रहे खाते
सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से ट्रेंड कर रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party – CJP) के नाम पर देश में बड़े पैमाने पर साइबर ठगी का खेल शुरू हो गया है। युवाओं में इस ट्रेंड को लेकर बढ़ते क्रेज का फायदा उठाते हुए साइबर ठगों ने लोगों को कंगाल बनाना शुरू कर दिया है, जिसके बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट पर है।
’कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर देश में बड़ी ठगी: पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी, क्लिक करते ही खाली हो रहे खाते
इंटरनेट और सोशल मीडिया पर चंद दिनों में करोड़ों युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने वाली पैरोडी (विअंग्यात्मक) मुहिम ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब साइबर अपराधियों का नया हथियार बन गई है। पंजाब की लुधियाना पुलिस सहित देश की विभिन्न साइबर सेल ने इसे लेकर एक हाई-अलर्ट और आधिकारिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि व्हाट्सएप (WhatsApp) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पार्टी में शामिल होने के नाम पर भेजे जा रहे लिंक्स असल में बैंक खाते साफ करने की बड़ी साजिश हैं।
कैसे जाल बिछा रहे हैं साइबर ठग?
पुलिस की साइबर जांच में सामने आया है कि ठग युवाओं के बीच चल रहे इस राजनीतिक व्यंग्य के ट्रेंड का फायदा उठा रहे हैं। व्हाट्सएप पर धड़ाधड़ ऐसे मैसेज सर्कुलेट किए जा रहे हैं जिनमें लिखा होता है— “सिस्टम बदलने के लिए देश की पुकार, समय आ गया है!” या “युवाओं के लिए बड़ा मौका, कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें।”
क्लिक करते ही फोन हैक और बैंक खाता साफ
पुलिस के मुताबिक, मैसेजेस के नीचे दिया गया लिंक असल में एक ‘फिशिंग लिंक’ (Phishing Link) होता है।
कंट्रोल अपराधियों के हाथ में: जैसे ही कोई यूजर उत्सुकता या भावुकता में आकर इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका पूरा मोबाइल फोन हैक हो जाता है।
डेटा चोरी और लोन की साजिश: हैक होते ही फोन का पूरा एक्सेस, बैंकिंग ऐप्स के क्रेडेंशियल्स, पासवर्ड्स और पर्सनल डेटा सीधे साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाता है। ठग न सिर्फ बैंक खातों से पैसे उड़ा रहे हैं, बल्कि पीड़ितों के नाम पर फर्जी तरीके से ऑनलाइन लोन तक उठा रहे हैं।
पुलिस ने जारी किए सुरक्षा निर्देश (Advisory)
लुधियाना पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो मैसेज जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस कमिशनर ने जनता से निम्नलिखित बातों का ध्यान रखने को कहा है:
अज्ञात लिंक्स से दूर रहें: व्हाट्सएप या किसी भी सोशल मीडिया ग्रुप पर आ रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ज्वाइनिंग फॉर्म या ग्रुप लिंक्स पर भूलकर भी क्लिक न करें।
भावुकता में न आएं: इंटरनेट पर चल रहे किसी भी वेंडिंग या पॉलिटिकल ट्रेंड के बहाने अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
तुरंत करें शिकायत: यदि आप या आपका कोई परिचित ऐसे किसी फ्रॉड का शिकार होता है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP)?
यह एक पूरी तरह से डिजिटल और विअंग्यात्मक (Satirical) सोशल मीडिया मूवमेंट है, जिसे कुछ ही दिन पहले 16 मई को अभिजीत दिपके नाम के एक छात्र ने शुरू किया था। सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं के संदर्भ में आए ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों के विरोध में युवाओं ने सोशल मीडिया पर इस पैरोडी पार्टी का निर्माण कर दिया।
इस डिजिटल पेज ने देश में बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाकर महज 5 दिनों के भीतर इंस्टाग्राम पर 1.9 करोड़ (19 मिलियन) से ज्यादा फॉलोअर्स बटोर लिए, जो कि देश की मुख्यधारा की बड़ी राजनीतिक पार्टियों से भी ज्यादा है। इसी भारी लोकप्रियता और युवाओं के जुड़ाव को देखते हुए अब हैकर्स ने इसके नाम पर ठगी का धंधा चमकाना शुरू कर दिया है।
