उत्तराखंड

राजकीय शोक के बीच यूनिवर्सिटी में हुआ सांस्कृतिक महोत्सव, सरकारी आदेशों की अवहेलना पर प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

राजकीय शोक के बीच यूनिवर्सिटी में हुआ सांस्कृतिक महोत्सव, सरकारी आदेशों की अवहेलना पर प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

​देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर घोषित राजकीय शोक के बीच देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालय (प्राइवेट यूनिवर्सिटी) में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भारी पड़ गया है। सरकारी आदेशों की खुलेआम अवहेलना और नियमों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

​3 दिन का राजकीय शोक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर थी रोक

​गौरतलब है कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर शासन द्वारा पूरे प्रदेश में 19 मई से 21 मई तक तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इस संबंध में निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड की ओर से 19 मई को ही एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया था। इस आदेश के तहत राजकीय शोक की अवधि के दौरान राज्य के सभी शासकीय और गैर-शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार के मनोरंजन या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर पूरी तरह से रोक लगाई गई थी।

​राजकीय शोक के बीच यूनिवर्सिटी में गूंजे गाने, जमकर नाचे छात्र

​इस सरकारी आदेश की जानकारी सभी शिक्षण संस्थानों को समय रहते दे दी गई थी। इसके बावजूद, मंगलवार (19 मई) की रात राजपुर क्षेत्र स्थित इस नामी निजी विश्वविद्यालय के परिसर में सांस्कृतिक महोत्सव ‘रोर 2026’ का आयोजन किया गया।

​इस महोत्सव में देश की एक मशहूर गायिका ने अपनी प्रस्तुति दी, जिसमें यूनिवर्सिटी के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और देर रात तक गानों पर जमकर थिरके। राष्ट्रीय और राजकीय शोक के संवेदनशील माहौल के बीच इस तरह के जश्न को सरकारी निर्देशों का गंभीर उल्लंघन माना गया।

​बीएनएस की धारा 223 के तहत केस दर्ज

​मामला सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे ने इस पर सख्त रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय के इस गैर-जिम्मेदाराना कदम पर राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

​”निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड के स्पष्ट निर्देशों और लागू प्रतिबंधों के बावजूद, राजपुर क्षेत्र में स्थित प्राइवेट यूनिवर्सिटी के प्रबंधकों ने 19 मई की शाम अपने परिसर में बड़े पैमाने पर सांस्कृतिक व मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन किया। सरकारी आदेशों की जानबूझकर अवहेलना करने के इस मामले में पुलिस ने यूनिवर्सिटी के प्रबंधक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।”

— पी.डी. भट्ट, थाना प्रभारी, राजपुर

​राजकीय शोक के नियमों की अनदेखी पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद देहरादून के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *