राजनीति

असम चुनाव: प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंत पर साधा निशाना, कहा- एक परिवार असम को लूट रहा है

प्रियंका गांधी बोलीं- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा व उनका परिवार भ्रष्टाचार में डूबा हुआ

कहा- असम की संपत्ति जनता की आंखों के सामने लूटी जा रही, बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही

मोदी-सरमा चाहते हैं कि प्रदेश की स्वाभिमानी जनता को दबाकर रखा जाए- प्रियंका गांधी 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा है कि असम में भाजपा सरकार के शासन में जनता की योजनाओं का पैसा छीना जा रहा है और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा व उनका परिवार भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।

असम विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी ने नजीरा, तिंगखोंग और खोवांग में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक परिवार पूरे प्रदेश को लूट रहा है। साथ ही खदान, जमीन समेत सब कुछ बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है।

सभाओं में उमड़ी जनता की भारी भीड़ के बीच कांग्रेस महासचिव ने प्रदेश की भाजपा सरकार को बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त बताते हुए शारदा, एलसी हिल, गुवाहाटी स्मार्ट सिटी, फ्लाईओवर सहित कई घोटालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि असम में चारों तरफ भ्रष्टाचार है। प्रदेश को माफिया और सिंडिकेट चला रहे हैं। कोयला, लकड़ी और पत्थर जैसे हर संसाधन पर माफिया का कब्जा है। छोटे से छोटा व्यापार करने के लिए भी पैसा देना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शराब के ठेके खोले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरमा सिर्फ भ्रष्टाचार में व्यस्त हैं; वे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल अपना स्वार्थ साधने में लगे हुए हैं। दोनों वही काम करते हैं, जिसमें उनका फायदा होता है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि असम की महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के बदले जबरन भाजपा की रैलियों में ले जाया जा रहा है। उन्हें डराया जाता है कि अगर वे रैलियों में नहीं आएंगी, तो उनका नाम योजनाओं से काट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है, मुख्यमंत्री का नहीं और योजनाओं का लाभ बिना किसी शर्त के मिलना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की नहीं, बल्कि डबल गुलामी की सरकार चल रही है। नरेंद्र मोदी अमेरिका के गुलाम बन गए हैं और हिमंत बिस्वा सरमा मोदी के गुलाम हैं। उन्होंने कहा कि देश में आज नरेंद्र मोदी की नीतियों के चलते संकट है और मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री चाहते हैं कि असम की स्वाभिमानी जनता को दबाकर रखा जाए। उन्होंने जनता से अपने अधिकारों के लिए खड़े होने और कांग्रेस को सत्ता में लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर ऐसा असम बनाएं, जहां हर युवा के पास काम हो, भ्रष्टाचार का खात्मा हो और लोग खुशहाल हों।

महंगाई और बेरोजगारी के लिए भाजपा सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमतें फिलहाल नहीं बढ़ाई जा रही हैं, लेकिन चुनाव के बाद इनके दाम बढ़ते चले जाएंगे। सभा में मौजूद महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि चाय बागान के श्रमिकों को भाजपा ने 350 रुपये दैनिक मजदूरी देने का वादा किया था, लेकिन बहुत कम बढ़ोतरी की गई। उन्होंने असम की कई जनजातियों को एसटी का दर्जा न दिए जाने पर भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।

कांग्रेस महासचिव ने लोकप्रिय गायक स्वर्गीय जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए उन्हें असम की आवाज बताया और वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी मौत के मामले में 100 दिन के अंदर न्याय दिलवाया जाएगा। उन्होंने यह भी गारंटी दी कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रत्येक महिला के बैंक खाते में बिना किसी शर्त के मासिक नकद राशि हस्तांतरित की जाएगी। साथ ही व्यवसाय के लिए उन्हें 50 हजार रु की सहायता दी जाएगी। हर परिवार को 25 लाख रु तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा। 10 लाख स्थानीय भूमिपुत्रों को स्थायी पट्टा दिया जाएगा और बुजुर्गों को हर महीने 1,250 रु की सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *