उत्तराखंड

नैनीताल: रामनगर के पुछड़ी क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने का दूसरा चरण जल्द, 199 हेक्टेयर भूमि होगी मुक्त

नैनीताल: रामनगर के पुछड़ी क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने का दूसरा चरण जल्द, 199 हेक्टेयर भूमि होगी मुक्त

नैनीताल: नैनीताल जिले के रामनगर स्थित पुछड़ी क्षेत्र में वन विभाग जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान का दूसरा चरण शुरू करने वाला है। तराई पश्चिम वन मंडल के डीएफओ प्रकाश आर्य ने बताया कि इस चरण में करीब 199 हेक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण हटाया जाएगा। विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और कार्रवाई पारदर्शी व कानूनी तरीके से की जाएगी।

पुछड़ी क्षेत्र की कुल वन भूमि लगभग 224 हेक्टेयर है, जिसमें बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाया गया। पहले चरण में विभाग ने 170 लोगों को बेदखली नोटिस जारी किए थे। सभी की बात सुनी गई, दस्तावेजों की जांच की गई और तथ्यों के आधार पर बेदखली आदेश पारित किए गए। कुछ लोगों ने कोर्ट से स्टे ले लिया, लेकिन जहां कोई न्यायिक रोक नहीं थी, वहां कार्रवाई कर 25 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया।

डीएफओ प्रकाश आर्य ने कहा, “वन विभाग अपनी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दूसरे चरण से पहले क्षेत्र का सर्वे किया जा रहा है ताकि सही आकलन हो सके। इसके बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने जोर दिया कि अतिक्रमण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के लिए भी बड़ा खतरा है।

विभाग का उद्देश्य किसी को अनावश्यक परेशान करना नहीं, बल्कि सरकारी वन भूमि की रक्षा करना है। इस आगामी कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभियान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के आसपास के क्षेत्र में वन संरक्षण को मजबूत करेगा और अवैध कब्जों पर लगाम कसेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *