डेढ़ करोड़ का घोड़ा गिफ्ट में मिला बृजभूषण को: कीमत सुन हंसकर बोले- ‘यार, पागल हो जाऊंगा!’
डेढ़ करोड़ का घोड़ा गिफ्ट में मिला बृजभूषण को: कीमत सुन हंसकर बोले- ‘यार, पागल हो जाऊंगा!’
गोंडा, 15 दिसंबर 2025: पूर्व BJP सांसद और कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन (8 जनवरी) और नए साल से पहले एक शानदार तोहफा मिला है। पंजाब के उनके करीबी दोस्तों – तेजवीर बराड़, गुरप्रीत सिंह और दीपक ने उन्हें बेहतरीन नस्ल का एक घोड़ा गिफ्ट किया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह घोड़ा महज 2 साल का है, लेकिन देश-विदेश की रेस प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका है और 17 लाख रुपये तक का इनाम जीत चुका है। खास बात यह कि इसका अपना पासपोर्ट भी बना हुआ है। घोड़े को मिनी ट्रक से पंजाब से गोंडा लाया गया और बृजभूषण के पैतृक गांव विश्नोहरपुर स्थित हवेली के अस्तबल में शामिल किया गया।
बृजभूषण ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया, जिसमें वे घोड़े का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। जब गिफ्ट देने वालों से कीमत पूछी तो डेढ़ करोड़ सुनकर वे चौंक गए और हंसते हुए बोले, “यार, हम तो पागल ही हो जाएंगे!” वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बृजभूषण घोड़ों के बड़े शौकीन हैं। उनके अस्तबल में पहले से ‘बादल’ और ‘बुलेट’ जैसे मारवाड़ी नस्ल के घोड़े हैं। लग्जरी कारों, हेलीकॉप्टर के साथ घोड़ों का शौक उनकी शानदार लाइफस्टाइल का हिस्सा है। गिफ्ट देने वाले तेजवीर बराड़ घोड़ा रेसिंग अकादमी चलाते हैं और बृजभूषण के सांसद बेटे करण भूषण सिंह के करीबी दोस्त हैं।
इस अनोखे गिफ्ट की चर्चा पूरे इलाके में है। लोग घोड़े को देखने के लिए हवेली पहुंच रहे हैं।
