यूपी BJP को मिला नया कप्तान: पंकज चौधरी बने प्रदेश अध्यक्ष, शंखनाद-डमरू से गूंजा पार्टी मुख्यालय
यूपी BJP को मिला नया कप्तान: पंकज चौधरी बने प्रदेश अध्यक्ष, शंखनाद-डमरू से गूंजा पार्टी मुख्यालय
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई को रविवार को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी को निर्विरोध रूप से यूपी BJP का नया अध्यक्ष चुना गया। लखनऊ के राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन से हुई, जिससे पूरा पार्टी दफ्तर और हॉल धार्मिक उत्साह से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहे। निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी का झंडा नए अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा। पंकज चौधरी कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेता हैं और पूर्वांचल में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनकी नियुक्ति को 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी और OBC वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से BJP की राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का निर्वाचन भी पूरा हुआ। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही और रमापति राम त्रिपाठी जैसे दिग्गज शामिल हैं।
पंकज चौधरी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यह नियुक्ति पूर्वांचल के प्रभाव को और बढ़ाने वाली बताई जा रही है।
