‘गंदे पैंट’ वाले बयान से भड़के पैपराजी: जया बच्चन पर तीखा हमला, बोले- ‘बच्चन परिवार का करेंगे बॉयकॉट, सेल्फ-रिस्पेक्ट रखें’
‘गंदे पैंट’ वाले बयान से भड़के पैपराजी: जया बच्चन पर तीखा हमला, बोले- ‘बच्चन परिवार का करेंगे बॉयकॉट, सेल्फ-रिस्पेक्ट रखें’
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन के पैपराजी पर ‘गंदे पैंट’ वाले तीखे बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। हाल ही में एक इवेंट में जया के इस कमेंट पर पैपराजी समुदाय में भारी नाराजगी फैल गई। प्रमुख पैपराजी फोटोग्राफरों ने खुलकर गुस्सा जाहिर किया और बच्चन परिवार को कवरेज न करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि जया का यह बयान अपमानजनक है और वे अपनी सेल्फ-रिस्पेक्ट को प्राथमिकता देंगे।
जया बच्चन ने क्या कहा? ‘चूहा’ और ‘गंदे पैंट’ का तंज
मंगलवार को मुंबई के ‘वी द वूमेन एशिया’ इवेंट में पत्रकार बरखा दत्त के साथ बातचीत के दौरान जया बच्चन ने पैपराजी कल्चर पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने पैपराजियों को ‘चूहा’ (rats) और ‘गंदे पैंट पहनने वाले’ बताया। जया ने कहा, “ये जो बाहर ड्रेन-पाइप टाइट, गंदे-गंदे पैंट पहनकर, हाथ में मोबाइल लेकर खड़े रहते हैं… इन्हें लगता है कि मोबाइल है तो फोटो ले सकते हैं और जो चाहें कह सकते हैं। ये कौन हैं? कहां से आते हैं? इनकी क्या एजुकेशन है?”
जया ने आगे कहा कि वे पत्रकारिता का सम्मान करती हैं क्योंकि उनके पिता जर्नलिस्ट थे, लेकिन पैपराजियों से उनका ‘जीरो रिश्ता’ है। उन्होंने युवा सितारों पर भी तंज कसा जो पब्लिसिटी के लिए पैपराजियों को बुलाते हैं। यह बयान वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और बहस छेड़ दिया।
पैपराजियों का पलटवार: ‘बॉयकॉट करेंगे, रिस्पेक्ट खत्म’
जया के बयान पर इंडस्ट्री के प्रमुख पैपराजियों ने तुरंत रिएक्ट किया। रिपोर्ट के अनुसार, पल्लव पालीवाल ने कहा, “मैंने अपने साथियों से कहा कि वे अपनी सेल्फ-रिस्पेक्ट रखें और बच्चन परिवार का बॉयकॉट करें।” वरिंदर चावला ने बताया कि वे हमेशा सेलेब्स की रिक्वेस्ट का सम्मान करते हैं, लेकिन अब काफी हो गया। मानव मंगलानी ने कहा, “हमने जया के लिए बहुत सम्मान दिखाया, लेकिन शायद वे डिजिटल युग में नहीं आई हैं। उनके बच्चे-पोते उन्हें सिखा सकते हैं।” विरल भयानी ने भी नाराजगी जताई और कहा कि यह अपमान अस्वीकार्य है।
पैपराजियों ने अगस्त्य नंदा (जया के पोते) की आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ के प्रमोशन को भी बॉयकॉट करने की धमकी दी है। उनका कहना है कि जया का यह बयान पूरी कम्युनिटी का अपमान है।
सोशल मीडिया पर बवाल: मीम्स और डिबेट
X (पूर्व ट्विटर) पर #BoycottBachchanFamily और #JayaBachchanPaparazzi ट्रेंड कर रहा है। फैंस दो गुटों में बंट गए हैं – एक तरफ जया के समर्थक कह रहे हैं कि उन्होंने सही कहा, पैपराजी प्राइवेसी का उल्लंघन करते हैं। दूसरी तरफ, पैपराजी समर्थक उन्हें ‘डिवा’ बता रहे हैं। एक मीम में लिखा है, “जया जी, गंदे पैंट तो ठीक, लेकिन बॉयकॉट से आपकी पैंट गंदी हो जाएगी!” वायरल वीडियो में जया का इंटरव्यू क्लिप 1 मिलियन व्यूज पार कर गया।
यह विवाद जया-पपराजी के पुराने झगड़ों को फिर याद दिला रहा है। जया अक्सर पैपराजियों को धककाती या फटकारती नजर आती हैं। फिलहाल, बच्चन परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। क्या यह बॉयकॉट रियल होगा या सिर्फ गुस्से का इजहार? आने वाले दिनों में साफ होगा।
