राष्ट्रीय

बदायूं स्कूल में शर्मनाक घटना: छात्राओं की पानी की बोतल में पेशाब मिलाने का आरोप, हंगामे के बाद 4 गिरफ्तार

बदायूं स्कूल में शर्मनाक घटना: छात्राओं की पानी की बोतल में पेशाब मिलाने का आरोप, हंगामे के बाद 4 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र स्थित श्रीमती चमेली देवी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक बेहद शर्मनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। स्कूल की कुछ हिंदू छात्राओं ने आरोप लगाया है कि तीन मुस्लिम छात्रों ने उनकी पानी की बोतलों में पेशाब मिलाकर बैग में रख दिया। इसके अलावा, स्कूल के बाथरूम की दीवारों पर अश्लील मैसेज भी लिखे मिले। छात्राओं की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन ने कोई कार्रवाई न करने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल में घुसकर हंगामा मचा दिया, जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

घटना शनिवार को सामने आई, जब छात्राओं ने अपनी बोतलों से बदबू आने की शिकायत की। जांच में पेशाब मिलने की पुष्टि हुई। छात्राओं का कहना है कि यह शरारत कुछ लड़कों द्वारा की गई, जो उनके बैगों को निशाना बना रहे थे। जब स्कूल मैनेजमेंट ने शिकायत को नजरअंदाज किया, तो करणी सेना के नगर अध्यक्ष शिवसेवक गुप्ता, बजरंग दल के उत्कर्ष मिश्रा और स्वयं भारद्वाज जैसे कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे। उन्होंने छात्रों पर कार्रवाई की मांग की और हंगामा किया। इस दौरान स्कूल प्रबंधक विनोद कुमार ने भी कार्यकर्ताओं पर स्टाफ से अभद्रता का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने छात्रों के नाबालिग होने के कारण उनके परिवार के चार सदस्यों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र पचौरी ने बताया, “तीन अज्ञात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। छात्राओं की तहरीर पर जांच जारी है। अश्लील मैसेज और पेशाब मिलाने की घटना की पुष्टि हो चुकी है।” स्कूल में अब तनाव की स्थिति बनी हुई है, और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जांच के आदेश दिए हैं। यह घटना स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा और संगठनों के हस्तक्षेप पर बहस छेड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *