राष्ट्रीय

बेसबॉल बैट से मारकर कोयले से जलाई लाश, पुलिस को नाले से मिला कंकाल… लुधियाना में NRI महिला के खौफनाक कत्ल की कहानी

पंजाब के लुधियाना में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जो इंसानियत को शर्मसार कर देगी। अमेरिका की रहने वाली 71 वर्षीय एनआरआई महिला रूपिंदर कौर पंधेर को शादी के बहाने भारत बुलाया गया, फिर बेरहमी से बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर मार डाला गया और लाश को कोयले की आग में जला दिया गया। उसके अवशेषों को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने गुरुवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया, जिसमें मुख्य आरोपी एक कोर्ट टाइपिस्ट है, जबकि मास्टरमाइंड यूके का एनआरआई है। पीड़िता की बहन ने इसे “भयानक साजिश” बताया है।

रूपिंदर कौर, जो सिएटल (अमेरिका) में रहती थीं, जुलाई 2025 में शादी के वादे पर लुधियाना पहुंचीं। उनका 75 वर्षीय कथित दूल्हा चरणजीत सिंह ग्रेवाल, लंदन (यूके) का निवासी, मूल रूप से लुधियाना का ही है। दोनों एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मिले थे। लेकिन चरणजीत ने शादी से इनकार कर दिया, क्योंकि रूपिंदर पर पहले से धोखाधड़ी का केस चल रहा था और वह प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित हो चुकी थीं। पुलिस के अनुसार, चरणजीत ने रूपिंदर को “खत्म” करने के लिए सुपारी दी। उसने किला रायपुर गांव के सुखजीत सिंह उर्फ सोनू को 50 लाख रुपये और यूके वीजा का लालच दिया।

12 जुलाई को सुखजीत ने रूपिंदर को अपने घर में बुलाया। वहां बेसबॉल बैट से उनके सिर पर इतने वार किए कि मौके पर ही मौत हो गई। फिर लाश को घर के स्टोररूम में कोयले की आग पर 2-3 दिनों तक जलाया। कमरे की दीवारें काली पड़ गईं, फर्श खराब हो गया। सुखजीत ने अवशेषों को चार बोरे में भरा और घुंगराना गांव के पास नाले में फेंक दिया। रूपिंदर का आईफोन को हथौड़े से तोड़ दिया गया। सुखजीत ने रूपिंदर को अपना पावर ऑफ अटॉर्नी बनाया था, ताकि उसके केस संभाल सके। हत्या के बाद उसने रूपिंदर के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस को शक तब हुआ जब सुखजीत ने घर को रंगवाया और नई टाइल्स लगवाईं। मजदूरों ने काले दाग देखे और गांव में रूपिंदर के गायब होने की चर्चा जोरों पर थी। जांच में सुखजीत ने कबूल लिया। एडीसीपी करणवीर सिंह ने बताया, “यह क्रूर हत्या थी। चरणजीत ने फोटो और मैसेज से रिश्ते साबित किए।” सुखजीत को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चरणजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। रूपिंदर की बहन कमलजीत खैराह ने कहा, “बहन शादी के सपने लेकर आई थी, लेकिन मिली मौत।”

यह मामला एनआरआई समुदाय में हड़कंप मचा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि मैट्रिमोनियल साइट्स पर सतर्कता जरूरी। पुलिस अवशेष बरामद कर फॉरेंसिक जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *