राजनीति

बिहार चुनाव 2025: तेजस्वी यादव को CM फेस बनाने पर राहुल गांधी का गोलमोल जवाब, BJP ने साधा निशाना

बिहार चुनाव 2025: तेजस्वी यादव को CM फेस बनाने पर राहुल गांधी का गोलमोल जवाब, BJP ने साधा निशाना

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले इंडिया गठबंधन में मुख्यमंत्री उम्मीदवार (CM फेस) को लेकर सस्पेंस बरकरार है। रविवार (24 अगस्त 2025) को अररिया में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जब पत्रकारों ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या तेजस्वी यादव महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार होंगे, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। राहुल ने कहा, “हमारी बहुत अच्छी साझेदारी है। सभी पार्टियां एकजुट होकर काम कर रही हैं। कोई तनाव नहीं है, आपसी सम्मान है। हम वैचारिक और राजनीतिक रूप से एकजुट हैं। अच्छा परिणाम आएगा, लेकिन वोट चोरी को रोकना जरूरी है।”

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने तेजस्वी यादव को गठबंधन का CM फेस घोषित किया है और उन्हें को-ऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरमैन बनाया है। हालांकि, कांग्रेस ने इस पर अभी तक औपचारिक सहमति नहीं दी। राहुल के इस टालमटोल जवाब ने सियासी हलकों में चर्चा छेड़ दी है।

BJP और JDU ने इस मौके को भुनाते हुए तंज कसा। JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “कांग्रेस कभी तेजस्वी को CM नहीं बनाएगी। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं, जो गठबंधन को नुकसान पहुंचा सकते हैं।” BJP ने सोशल मीडिया पर लिखा, “तेजस्वी को राहुल पसंद हैं, लेकिन राहुल को तेजस्वी नहीं। कांग्रेस का अंदरूनी खेल चल रहा है।”

कांग्रेस की इस असमंजस भरी रणनीति ने गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाए हैं। विश्लेषकों का मानना है कि CM फेस पर स्पष्टता की कमी महागठबंधन के लिए चुनौती बन सकती है। दूसरी ओर, NDA ने नीतीश कुमार को CM फेस घोषित कर 225 सीटों का लक्ष्य रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *