शुभांशु शुक्ला ने PM मोदी से की मुलाकात, अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा किए
शुभांशु शुक्ला ने PM मोदी से की मुलाकात, अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा किए
नई दिल्ली, 19 अगस्त 2025: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और पहले ISRO अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात शुभांशु के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर ऐतिहासिक 18-दिवसीय मिशन ‘एक्सियॉम-4’ से भारत लौटने के बाद हुई। शुभांशु ने 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित PM आवास पर मुलाकात के दौरान अपने अंतरिक्ष अनुभव साझा किए और मिशन की उपलब्धियों पर चर्चा की। PM ने उन्हें गर्मजोशी से गले लगाकर स्वागत किया और उनके कंधे पर हाथ रखकर साथ चले।
शुभांशु ने PM को एक्सियॉम-4 मिशन का पैच और वह तिरंगा भेंट किया, जो उन्होंने ISS पर अपने साथ ले गए थे। उन्होंने अंतरिक्ष से ली गई पृथ्वी की तस्वीरें भी दिखाईं। PM के साथ बातचीत में शुभांशु ने बताया कि अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण की अनुपस्थिति के कारण शरीर को कई बदलावों से गुजरना पड़ता है।
उन्होंने कहा, “शुरुआत में शरीर को अंतरिक्ष के माहौल को समझने में समय लगता है। छोटी-छोटी चीजें, जैसे पानी पीना या सोना, चुनौतीपूर्ण होता है।” उन्होंने यह भी बताया कि ISS पर भोजन एक बड़ी चुनौती है, लेकिन कम संसाधनों में अंकुर (स्प्राउट्स) उगाना आसान है, जो भविष्य में खाद्य सुरक्षा के लिए उपयोगी हो सकता है।
PM ने शुभांशु से पूछा कि क्या उन्होंने अपने साथ ले गए गाजर का हलवा सह-यात्रियों के साथ साझा किया। शुभांशु ने बताया कि उन्होंने गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और आम रस विदेशी सह-यात्रियों को खिलाया, जिन्हें भारतीय व्यंजनों का स्वाद बहुत पसंद आया।
PM ने गगनयान मिशन और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के भविष्य पर जोर देते हुए कहा कि शुभांशु का अनुभव इन मिशनों के लिए अमूल्य होगा। शुभांशु ने कहा, “मैंने हर अनुभव को स्पंज की तरह सोखा है और इसे गगनयान के लिए लागू करूंगा।”
