Sunday, October 25, 2026
Latest:
राजनीति

सोनिया गांधी ने सुनाया राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा, बोलीं- कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट से शुरू हुई प्रेम कहानी

सोनिया गांधी ने सुनाया राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा, बोलीं- कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट से शुरू हुई प्रेम कहानी

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक खास किस्सा साझा किया है। अपनी आगामी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के रिलीज से पहले उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि इंग्लैंड में पढ़ाई के दौरान कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्टोरेंट में राजीव गांधी से उनकी मुलाकात हुई थी। उनकी यह किताब 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है।

सोनिया गांधी ने अपनी पहली ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्टोरेंट में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ था। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को मैं वह दुनिया आप सभी के साथ साझा करूंगी।”

इटैलियन खाने की तलाश में पहुंचीं ग्रीक रेस्टोरेंट

वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि वह इंग्लैंड में इटैलियन खाना तलाश रही थीं। इसी दौरान उन्हें एक ग्रीक रेस्टोरेंट के बारे में पता चला, जहां यूरोपीय और भारतीय छात्र अक्सर खाने के लिए पहुंचते थे। इसी रेस्टोरेंट में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई।

सोनिया गांधी ने उस पल को याद करते हुए बताया कि एक कॉमन दोस्त ने दोनों का परिचय कराया था। इसके बाद उनकी दोस्ती हुई और वे साथ में पार्टियों में जाने तथा नई जगहों पर घूमने लगे। उन्होंने एक वैलेंटाइन पार्टी का भी जिक्र किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे।

राजीव गांधी की किस बात ने सोनिया को किया प्रभावित?

राजीव गांधी के बारे में अपनी पहली राय साझा करते हुए सोनिया गांधी ने उनके सौम्य स्वभाव का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजीव बेहद सुंदर थे, लेकिन उनका शांत और सौम्य व्यक्तित्व उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित करता था।

सोनिया गांधी के मुताबिक, पहली मुलाकात में ही उन्हें महसूस हुआ था कि राजीव ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ वह अपना जीवन बिताना चाहेंगी। बाद में उन्हें पता चला कि राजीव गांधी भी उनके बारे में ऐसा ही महसूस करते थे।

10 नवंबर को रिलीज होगी ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’

सोनिया गांधी की आगामी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को रिलीज होगी। इससे पहले 22 अक्टूबर को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना डेब्यू करते हुए किताब की पहली झलक साझा की थी।

इंस्टाग्राम पर वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था कि यह किताब प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी है। उन्होंने इस कहानी को पाठकों के साथ साझा करने की उत्सुकता भी जताई थी।

किताब की हार्डबाउंड प्रतियां मिलने पर सोनिया गांधी ने उनके वजन को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। पन्ने पलटते हुए उन्होंने अपनी बेटी प्रियंका गांधी का भी जिक्र किया। वीडियो के एक हिस्से में प्रियंका गांधी अपनी मां को मिठाई खिलाती और फिर दोनों गले मिलती दिखाई दीं।

सोनिया गांधी की इस पोस्ट के जरिए पाठकों को उनके और राजीव गांधी के रिश्ते की शुरुआत से जुड़ी यादों की झलक मिली है। अब उनकी किताब के रिलीज होने का इंतजार है, जिसमें उनके जीवन और अनुभवों से जुड़े और भी पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *