यूट्यूबर नीतू बिष्ट के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज, मां काली के स्वरूप पर सड़क पर वीडियो बनाने का विरोध
यूट्यूबर नीतू बिष्ट के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज, मां काली के स्वरूप पर सड़क पर वीडियो बनाने का विरोध
हल्द्वानी:
उत्तराखंड की प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नीतू बिष्ट एक नए विवाद में घिर गई हैं। करणी सेना ने नीतू बिष्ट के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एक शिकायती पत्र सौंपकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि इन्फ्लुएंसर ने मां काली का स्वरूप धारण कर सड़क पर वीडियो शूट किया, इस दौरान उन्होंने मोमोज खाए और रास्ते से गुजर रहे बच्चों को डराया। करणी सेना ने इसे सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करने और मां काली के स्वरूप का अपमान करने वाला कृत्य करार दिया है।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप
हल्द्वानी में करणी सेना की महिला जिलाध्यक्ष योगिता बनौला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। संगठन ने अपनी शिकायत में कहा कि नीतू बिष्ट (जिनके इंस्टाग्राम पर 5.6 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं और हाल ही में जिनकी बिग बॉस में एंट्री को लेकर भी चर्चाएं रही थीं) ने धार्मिक प्रतीकों और देवी-देवताओं के स्वरूप को बहुत ही आपत्तिजनक और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से प्रस्तुत किया है।
करणी सेना के पदाधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में युवा और बच्चे इन इनफ्लुएंसर को फॉलो करते हैं। ऐसे में धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को पेश करते समय पूरी संवेदनशीलता और मर्यादा बरती जानी चाहिए। संगठन ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने के दौरान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र राणा, जिलाध्यक्ष दीपांशु पोखरिया, महिला जिलाध्यक्ष योगिता बनौला, मीरा क्षत्रिय, भावना पांडे, तारा तिवारी और हितेश शर्मा सहित संगठन के कई अन्य प्रमुख सदस्य मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

